संकट की घड़ी में सरकार आपके साथ है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्‍यमंत्री द्वारा गुना जिले के 6028 बाढ़ प्रभावितों को 3 करोड़ 58 हजार 800 रूपये की राहत राशि की गयी अंतरित

Aug 8, 2025 - 18:52
Aug 8, 2025 - 18:54
 0  108
संकट की घड़ी में सरकार आपके साथ है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

गुना (आरएनआई) मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश सरकार संकट की घड़ी में बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास समत्व भवन से प्रदेश के 28 हजार से अधिक बाढ़ प्रभावितों को 30 करोड़ की राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण कर प्रभावितों से चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शिवपुरी, गुना, दमोह, रायसेन, छिंदवाड़ा के बाढ़ प्रभावितों से वर्चुअली चर्चा की। उन्होंने प्रभावितों से बाढ़ के दौरान प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों की जानकारी ली। 

मुख्‍यमंत्री द्वारा गुना जिले के 6028 बाढ़ प्रभावितों को 3 करोड़ 58 हजार 800 रूपये की राहत राशि की गयी अंतरित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा आज सिंगल क्लिक के माध्यम से गुना जिले के 6028 बाढ़ प्रभावितों को लगभग 3 करोड़ 58 हजार 800 रूपये की राहत राशि की अंतरित की गयी। इस दौरान मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एनआईसी कक्ष गुना से व्‍हीसी के जरिए ग्राम बंधा के श्री मलकीत सिंह और गुलाबगंज के श्री सोनू प्रजापति सहित बाढ़ प्रभावित लोगों से संवाद किया। उन्‍होंने बताया कि आपदा की स्थिति में जिला प्रशासन द्वारा खाद्य सामग्री सहित पुर्नवास आदि के बेहतरीन प्रबंध किये गये। इसके लिये उन्‍होंने जिला प्रशासन को धन्‍यवाद ज्ञापित किया। 

इस अवसर पर विधायक पन्‍नालाल शाक्‍य, नगरपालिका अध्‍यक्ष श्रीमति सविता गुप्‍ता, भाजपा जिलाध्‍यक्ष धर्मेन्‍द्र सिंह सिकरवार सहित कलेक्‍टर किशोर कुमार कन्‍याल, संयुक्‍त कलेक्‍टर डॉ. संजीव खेमरिया, डिप्‍टी कलेक्‍टर श्रीमति जिया फातिमा, सीएमओ सुश्री मंजुषा खत्री, अनुविभागीय अधिकारी श्रीमति शिवानी पाण्‍डेय सहित संबंधित अधिकारी लाभर्थी उपस्थित रहे।

व्‍हीसी के दौरान गुना सहित अन्य जिले के बाढ़ प्रभावितों ने बताया कि इस वर्षाकाल में जैसी बाढ़ आयी, वैसी पहले कभी नहीं आयी थी। प्रशासन के द्वारा बाढ़ के दौरान हम प्रभावित परिवारों को कैम्प लगाकर रहने की व्यवस्था के साथ भोजन आदि की व्यवस्था भी की गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह हमारे संस्कार ही हैं कि कष्ट की इस घड़ी में भी ग्रामीणजन अपनी बात विनम्रता के साथ कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार मानसून काल में अब तक 37 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है, जिससे प्रदेश के कई क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बनी। उन्होंने स्वयं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर प्रभावितों से मुलाकात की और स्थिति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार ने वर्षाकाल में बाढ़ से निपटने के पहले से इंतजाम कर रखे थे। राज्य के मंत्रीगण और केन्द्रीय मंत्रीगण सभी से सम्पर्क बनाकर प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बचाव कार्य के प्रबंधन की व्यवस्था की थी। उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि और बाढ़ के संकट से निपटने के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सेना के जवानों की जहां आवश्यकता पड़ी, वहां सक्रिय किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावितों को मदद करने में सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने इन संगठनों के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान मिले अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि शिवपुरी में दो व्यक्ति बाढ़ में 36 घंटे घिरे रहे और उन्हें प्रशासन ने बाढ़ से बाहर निकाला। इन व्यक्तियों का कहना था कि वे प्रशासन के प्रयासों से ही से बाढ़ से बाहर निकल सकें। इसी प्रकार गुना में बाढ़ प्रभावित महिलाओं से मिलने के दौरान सबसे पहले बहनों ने उन्हें राखी भेंट की। इसके बाद उन्होंने बाढ़ की बात कही। उन्होंने कहा कि बहनों ने अपने कष्ट की बात कहने से पहले राखी भेंट की, यह हमारी संस्कृति है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्षा ऋतु अभी समाप्त नहीं हुई है। हमें अतिवृष्टि और बाढ़ के दृष्टिगत सावधान रहना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अतिवृष्टि और बाढ़ प्रभावितों को 28 करोड़ रूपए की राशि पहले दी जा चुकी है, 30 करोड़ की राशि आज दी गई है। उन्होंने कहा कि यह राशि फसल की क्षति को छोड़कर है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का सर्वे किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि वर्ष 2025-26 में राहत के विभिन्न मदों में अब तक 123 करोड़ की राहत राशि प्रभावितों को वितरित की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आपदा प्रबंधन के लिए सभी जिलों को पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई गई है। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, प्रमुख सचिव राजस्व विवेक पोरवाल इस अवसर पर मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में उपस्थित थे।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0