शाहाबाद पठकाना रामलीला की राम बारात शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
हरदोई (आरएनआई) शाहाबाद नगर में परंपरागत उत्सवों की धूम के बीच पठकाना रामलीला की राम बारात शोभायात्रा भव्यता और श्रद्धा का अद्भुत संगम बनकर निकली। नगर पालिका से आरंभ होकर यह शोभायात्रा सरदारगंज चौकी तक पहुंची। मार्गभर श्रद्धालुजन पुष्पवर्षा करते रहे, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा। समिति अध्यक्ष संजय मिश्रा ने अपने आवास के समक्ष बारातियों का स्वागत कर उन्हें स्वल्पाहार कराकर विदा किया। इसके पश्चात समिति के संरक्षक हरिनाथ त्रिपाठी ने भी परिवार सहित अतिथियों का अभिनंदन किया।
शोभायात्रा में मनमोहक झाँकियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ऋषि, महर्षि, ब्रह्मऋषि एवं देवगणों की झलकियों के साथ गणेश, बरुण, यम, कुबेर, इन्द्र, चंद्र, सूर्य के स्वरूप आकर्षण का केंद्र बने। आठ वसु, ग्यारह रुद्र और बारह आदित्य की उपस्थिति ने बारात की शोभा और बढ़ा दी। ब्रह्मा, विष्णु और महेश अपने-अपने वाहनों पर विराजमान दिखे, तो सभी देवी-देवियों के स्वरूपों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। रथ, रब्बा, हाथी, घोड़े, हंस और मूषक बाराती बनकर नगरवासियों के लिए दर्शनीय रहे।
पूरे नगर में गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों की गूंज और पुष्पवर्षा ने उत्सव का रंग और चढ़ाया। सड़कों से लेकर छतों तक महिलाएं, युवा और वृद्धजन श्रद्धा और उल्लास से झाँकियों का अवलोकन करते रहे। महिलाएं राम के दर्शन कर आल्हादित हो उठीं, वहीं युवा पीढ़ी उत्साह से झूमकर तालियों की गड़गड़ाहट से वातावरण गुंजायमान करती रही।
शोभायात्रा का आकर्षण बढ़ाने में स्थानीय रामसेवक रस्तोगी द्वारा सजाई गई झाँकियों की भी सराहना हुई। दर्शकगण अत्यंत भावविभोर होकर समिति और रामसेवकों की प्रशंसा करते नहीं थके। देर रात यह भव्य बारात सरदारगंज चौकी पहुंचकर संपन्न हुई।
इस अवसर पर पुलिस प्रशासन द्वारा मार्ग में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई। चौकी प्रभारी धर्मेंद्र चौधरी तथा अन्य पुलिस अधिकारी और आरक्षीगण ड्यूटी पर मुस्तैद दिखाई दिए। समिति के मीडिया प्रभारी ओमदेव दीक्षित ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि पहले की भांति चौकी पुलिस द्वारा राम बारात का स्वागत एवं समापन कराने की परंपरा अब नहीं निभाई जा रही, जो खेदजनक है। उन्होंने इसे स्थानीय अधिकारियों की उपेक्षा और अहंकारी रवैये का परिचायक बताया।
राम बारात के इस आयोजन ने एक बार फिर यह प्रमाणित किया कि शाहाबाद की धरती पर रामभक्ति और सांस्कृतिक परंपराओं की जड़ें अटूट हैं। भारी भीड़, श्रद्धा और उल्लास ने इस आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



