विधानसभा में जनता के मुद्दों से बच रही सरकार, वंदे मातरम पर चर्चा कराना चाहती है: अखिलेश यादव

Dec 18, 2025 - 17:10
 0  81
विधानसभा में जनता के मुद्दों से बच रही सरकार, वंदे मातरम पर चर्चा कराना चाहती है: अखिलेश यादव

लखनऊ (आरएनआई)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि सरकार जनता से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा से बचने के लिए विधानसभा सत्र में वंदे मातरम जैसे विषयों को आगे बढ़ाना चाहती है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर चर्चा पहले ही लोकसभा में हो चुकी है, इसके बावजूद इसे दोबारा उठाकर असली मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश की जा रही है।

गुरुवार को सपा मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की विचारधारा से जुड़े लोगों ने आजादी से पहले और बाद में कभी वंदे मातरम नहीं गाया, लेकिन अब जनता की समस्याओं से बचने के लिए उसी मुद्दे को चर्चा का केंद्र बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार, महंगाई, प्रदूषण और विकास जैसे सवालों पर जवाब देने से बच रही है।

प्रदूषण का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि लखनऊ में प्रदूषण के चलते भारत-दक्षिण अफ्रीका का मैच रद्द करना पड़ा, जबकि सरकार यह दावा कर रही है कि वायु गुणवत्ता सूचकांक ठीक था। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार किस आधार पर ऐसे आंकड़े पेश कर रही है और क्यों स्वतंत्र एजेंसियों के एक्यूआई आंकड़ों पर भरोसा न करने की बात कही जा रही है। उनका कहना था कि सरकार प्रदूषण पर चर्चा से बचने के लिए ऐसे बयान दे रही है।

उन्होंने पर्यावरण को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सबसे ज्यादा पेड़ भाजपा शासन में कटे हैं। छत्तीसगढ़ में पूरे जंगल समाप्त कर दिए गए, अब अरावली की पहाड़ियों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हो रही है और सोनभद्र में खनन के नाम पर सैकड़ों फीट गहरे गड्ढे कर दिए गए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार इन मुद्दों पर बात करने से बच रही है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़े एक विवादित वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इस उम्र में उनके साथ एक हेल्पर की जरूरत है और किसी भी समुदाय की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी के साथ भी इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए।

इसके अलावा अखिलेश यादव ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग की मदद से एसआईआर करा रही है, ताकि विपक्ष के वोट काटे जा सकें और चुनावी लाभ हासिल किया जा सके।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.