बेसमेंट की खुदाई से ढही पूर्व विधायक के बेटे के मकान की दीवार, बड़ा हादसा टला
हरदोई (आरएनआई) शहर के लखनऊ रोड स्थित शर्मा मेडिकल स्टोर के सामने निर्माणाधीन भवन में बेसमेंट की खुदाई के दौरान बड़ा हादसा टल गया। खुदाई के चलते जनसंघ के पूर्व विधायक स्वर्गीय राजेंद्र सिंह के पुत्र शौर्यवर्धन सिंह चौहान के मकान की दीवार भरभराकर बेसमेंट में गिर गई। हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बेसमेंट की गहरी खुदाई के कारण पड़ोसी मकान की नींव के नीचे से मिट्टी खिसक गई, जिससे शौर्यवर्धन सिंह चौहान के मकान की दीवार अचानक ढह गई। दीवार गिरने के बाद भी लगातार मिट्टी धंस रही है, जिससे मकान की छत और अन्य हिस्सों पर भी खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो बड़ा हादसा हो सकता है।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि शहर में कई स्थानों पर बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के बेसमेंट की गहरी खुदाई कराई जा रही है, जिससे आसपास के मकानों की नींव कमजोर हो रही है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की जांच कराने, खुदाई पर आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने तथा लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



