शाइना एनसी का वॉट्सऐप हैक कर करीब चार लाख की ठगी, पुलिस की सुस्ती पर उठाए सवाल
शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता और प्रसिद्ध फैशन डिजाइनर शाइना एनसी का वॉट्सऐप अकाउंट हैक कर साइबर ठगों ने उनके आठ करीबी लोगों से करीब 3.92 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने शाइना के नाम और मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करते हुए प्रत्येक व्यक्ति से 49-49 हजार रुपये यह कहकर मंगवाए कि रकम दो घंटे के भीतर वापस कर दी जाएगी। शाइना पर भरोसा होने के कारण उनके परिचितों ने बिना किसी संदेह के पैसे ट्रांसफर कर दिए।
घटना के बाद शाइना एनसी ने मुंबई पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि समय रहते कार्रवाई की जाती तो लोगों के लाखों रुपये बचाए जा सकते थे। उनके अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब दो बजे ही पुलिस को वॉट्सऐप अकाउंट हैक होने की सूचना दे दी गई थी, लेकिन तत्काल आवश्यक कदम नहीं उठाए गए। इस दौरान साइबर ठग लगातार उनके संपर्कों को संदेश भेजते रहे और शाम करीब छह बजे तक कई लोगों से पैसे ऐंठने में सफल रहे।
शाइना ने कहा कि साइबर अपराध के मामलों में हर मिनट बेहद महत्वपूर्ण होता है। यदि शुरुआती सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो जाती और संबंधित बैंक खातों तथा डिजिटल माध्यमों को तुरंत ब्लॉक कराने की प्रक्रिया शुरू कर देती, तो ठगों को आगे लोगों से पैसे ठगने का अवसर नहीं मिलता।
उन्होंने कहा कि यदि एक सार्वजनिक जीवन से जुड़ी व्यक्ति की शिकायत पर भी इतनी देरी से कार्रवाई होती है, तो आम नागरिकों को ऐसे मामलों में कितनी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता होगा, इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। शाइना ने साइबर अपराध से निपटने के लिए तेज और प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस साइबर ठगों की पहचान कर उन्हें पकड़ने का प्रयास कर रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी मैसेज या पैसे की मांग पर बिना पुष्टि किए धनराशि ट्रांसफर न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत साइबर हेल्पलाइन या पुलिस को सूचना दें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



