बारिश से उत्तराखंड बेहाल: भूस्खलन से बदरीनाथ हाईवे बंद, कोटद्वार में वाहन पर गिरे बोल्डर
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन और चारधाम यात्रा बुरी तरह प्रभावित हो रही है। प्रदेश के कई हिस्सों में भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग और संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम और सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है।
रुद्रप्रयाग जिले में खांकरा और सिरोहबगड़ के बीच पहाड़ी से भारी मलबा और पत्थर गिरने के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बंद हो गया। हाईवे बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की टीमें जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर मार्ग खोलने में जुटी हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश राहत कार्य में बाधा बन रही है।
वहीं कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर सतपुली मल्ली के पास एक बड़ा हादसा टल गया। पहाड़ी से गिरे भारी बोल्डर एक सब्जी से भरे वाहन पर आ गिरे, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान चालक समेत वाहन में सवार तीनों लोग समय रहते बाहर निकल गए और उनकी जान बच गई।
देवप्रयाग मार्ग पर डिग्री कॉलेज गदेरे के पास एक बार फिर मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ, जबकि दुधारखाल मार्ग भी भूस्खलन के कारण बंद हो गया है। इन मार्गों को खोलने के लिए जेसीबी मशीनों से लगातार मलबा हटाया जा रहा है।
उधर, यमुनोत्री हाईवे पर स्यानाचट्टी के पास तीसरे दिन भी हालात सामान्य नहीं हो सके हैं। निर्माण एजेंसी की मशीनें लगातार सड़क बहाली में जुटी हैं, लेकिन बारिश के साथ पहाड़ियों से लगातार मलबा और पत्थर गिरने से चुनौती बनी हुई है। एनएच के अधिशासी अभियंता मनोज रावत ने बताया कि जिला प्रशासन के साथ मिलकर प्रभावित हिस्से को छोड़ते हुए करीब 350 मीटर लंबे वैकल्पिक बाईपास मार्ग के निर्माण पर भी विचार किया जा रहा है। वहीं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का निरीक्षण किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



