बच्चों का भविष्य सुरक्षित करने कलेक्टर की पहल, भिक्षावृत्ति पर सख्त कार्रवाई के आदेश
गुना (आरएनआई) कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में महिला एवं बाल विकास विभाग, श्रम विभाग तथा आदिम जाति कल्याण विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य बच्चों से कराई जा रही भिक्षावृत्ति पर रोक लगाने संबंधी प्रभावी रणनीति तैयार करना था। बैठक में अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर,श्रम पदाधिकारी आशीष तिवारी, कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अब्दुल गफ्फार, जिला संयोजक आदिम जाति बी. सिसोदिया, श्रम निरीक्षक रामकुमार चौदहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत में कलेक्टर ने निर्देश देते हुए कहा कि जिले में बाल भिक्षावृत्ति को पूरी तरह समाप्त करने के लिए ठोस कार्रवाई की जाए। उन्होंने विभागों को ऐसे परिवारों की पहचान करने के निर्देश दिए जो आर्थिक स्थिति के कारण भिक्षावृत्ति से जुड़े हैं। इन परिवारों को संभल योजना, वृद्धावस्था पेंशन, आयुष्मान कार्ड सहित सभी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाकर उनकी आर्थिक स्थिति सुधारने पर बल दिया गया, जिसकी मदद से बच्चों को स्कूलों तक पहुंचाया जा सके।
इस दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने यह भी निर्देश दिया कि भिक्षावृत्ति में शामिल बच्चों को स्कूलों में प्रवेश दिलाया जाए तथा स्कूलों से ड्रॉप-आउट हुए बच्चों की सूची तैयार कर उन्हें पुनः विद्यालय से जोड़ा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे व्यक्तियों की पहचान की जाए जो बच्चों से जानबूझकर भिक्षावृत्ति करवाते हैं, ताकि उनके विरुद्ध उचित कार्रवाई की जा सके और बच्चों को सुरक्षित तथा शिक्षित वातावरण मिल सके।
श्रम विभाग के अधिकारी ने बताया कि अधिकांश ऐसे बच्चे मजदूरी करते पाए गए हैं जिनके माता-पिता का निधन हो चुका है या वे मजदूर वर्ग से हैं, जिसके कारण बच्चे भी कार्य में लग जाते हैं। इस पर कलेक्टर ने गंभीर मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए उन्होंने कहा यदि बच्चे परिवार के साथ कार्य कर रहे हों तो उनकी पढ़ाई बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इस दौरान उन्होंने निरीक्षकों को नियमित चेकिंग के निर्देश भी दिए। इस दौरान बताया गया मजदूरी करने वाले बच्चों को आईटीआई कॉलेज में प्रशिक्षण दिलाने और ओपन स्कूल में प्रवेश दिलाने की व्यवस्था की जा रही है।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य में किसी भी प्रकार की कमी न आए। भिक्षावृत्ति को जड़ से समाप्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाते हुए यह देखा जाए कि इसमें किन-किन लोगों की भूमिका है और उन पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



