फतेहपुर में लेखपाल की मौत पर बवाल तेज, ‘NO FIR NO SIR’ के नारे; शादी से एक दिन पहले दी थी जान

Nov 27, 2025 - 11:06
 0  216

फतेहपुर (आरएनआई) — फतेहपुर जिले में लेखपाल सुधीर कुमार कोरी की आत्महत्या के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। घटना के 24 घंटे बाद भी शव को उठाया नहीं गया है। परिजन और लेखपाल संघ संबंधित अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग पर अड़े हुए हैं। मौके पर लगातार धरना-प्रदर्शन जारी है और प्रदर्शनकारी ‘NO FIR NO SIR’ के नारे लगा रहे हैं। बिंदकी तहसील क्षेत्र का अधिवक्ता संघ भी आंदोलन के समर्थन में उतर आया है।

घटना खजुहा कस्बे की है, जहां मंगलवार सुबह लेखपाल सुधीर (25) ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनकी शादी 26 नवंबर को होनी थी और घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। सुबह करीब साढ़े सात बजे परिजनों ने सुधीर को फंदे पर लटका देखा तो हड़कंप मच गया।

परिजनों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों द्वारा उन्हें निलंबन की धमकी दी जा रही थी। इससे तनाव में आकर उन्होंने यह कदम उठाया। परिवार ने आरोपित अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज कराने की मांग रखते हुए शव लेने से इनकार कर दिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम रविंद्र सिंह और एसपी अनूप कुमार सिंह देर रात मौके पर पहुंचे, लेकिन तीन चरणों की वार्ता के बाद भी सहमति नहीं बन सकी। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद ही कार्रवाई संभव है, जबकि परिजन और संघ तत्काल एफआईआर की मांग पर अड़े हैं।

आज सुबह से लेखपाल संघ और अधिवक्ता संघ ने संयुक्त रूप से तहसील में काम बंद करने का ऐलान कर दिया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है, जबकि प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.