पाकिस्तान के ड्रामे पर ICC सख्त, UAE मैच से पहले नियम तोड़ने पर कार्रवाई की तैयारी

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) यूएई के खिलाफ मैच से पहले हुए नियमों के उल्लंघन के लिए पाकिस्तान पर कार्रवाई कर सकता है।

Sep 19, 2025 - 10:32
 0  135
पाकिस्तान के ड्रामे पर ICC सख्त, UAE मैच से पहले नियम तोड़ने पर कार्रवाई की तैयारी

दुबई  (आरएनआई) संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ मैच से पहले बुधवार को पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने भरपूर ड्रामा किया और होटल से निकलने में देरी की। यही वजह रही कि मुकाबला एक घंटे देरी से शुरू हुआ जबकि मैच रात आठ बजे से खेला जाना था। अब समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) यूएई के खिलाफ मैच से पहले हुए नियमों के उल्लंघन के लिए पाकिस्तान पर कार्रवाई कर सकता है। पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से कहा, 'आईसीसी के सीईओ संजोग गुप्ता ने पीसीबी को एक ईमेल भेजा है जिसमें प्रतिबंधित क्षेत्रों की फिल्मांकन सहित पाकिस्तान द्वारा किए गए उल्लंघनों का विवरण दिया गया है।'

यूएई के खिलाफ एशिया कप के मुकाबले से पहले पाकिस्तान की टीम ने भरपूर ड्रामा किया और मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट मुकाबले से हटाने की मांग पर अड़ा रहा, लेकिन आईसीसी के आगे उसकी एक नहीं चली और खेल की वैश्विक संस्था के आगे उसे झुकना पड़ा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाने के लिए आईसीसी को दो मेल किए थे, लेकिन संस्था ने दोनों मांगे खारिज कर दीं। इसके बाद पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने पाकिस्तान की टीम को होटल में रुकने को कहा, जिसकी वजह से रात आठ बजे से खेला जाने वाला मुकाबला एक घंटे की देरी से यानी रात नौ बजे शुरू हुआ।

अब खबर आ रही है कि आईसीसी ने पीसीबी को ईमेल के जरिए नियमों के उल्लंघन की जानकारी दी है। खेल की वैश्विक संस्था इस मामले में कार्रवाई कर सकती है। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, आईसीसी की चेतावनियों के बावजूद पाकिस्तान ने अपने मीडिया मैनेजर नईम गिलानी को टॉस से पहले हुई बैठक को फिल्माने की अनुमति दी। यह बैठक मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट, मुख्य कोच माइक हेसन और कप्तान सलमान अली आगा के बीच हुई थी।

आईसीसी ने स्पष्ट कर दिया था कि मीडिया मैनेजरों को ऐसी बैठकों में शामिल होने से रोका गया है। इससे पहले आईसीसी ने पीसीबी के साथ सहमति जताई थी कि 15 सितंबर को टॉस से जुड़े मामले को सुलझाने में मदद के लिए, एंडी पायक्रॉफ्ट यूएई के खिलाफ मैच के टॉस से पहले टीम के कप्तान और मैनेजर से मिलेंगे। टूर्नामेंट सूत्र ने कहा, 'इसका उद्देश्य टॉस के समय उत्पन्न होने वाली किसी भी दुर्भाग्यपूर्ण गलतफहमी या गलत संचार को दूर करना था। पीसीबी अपने मीडिया मैनेजर को बैठक में लाया और जोर देकर कहा कि वह बातचीत के दौरान मौजूद रहें। 

पीसीबी के मीडिया मैनेजर को आईसीसी के भ्रष्टाचार निरोधक प्रबंधक ने प्रवेश से रोक दिया, क्योंकि वह अपना मोबाइल फोन प्लेयर एंड मैच ऑफिशियल एरिया (PMOA) में ले जाना चाहते थे, जहां इस पर सख्त पाबंदी है। सूत्र ने कहा, 'आईसीसी ने खेल, टूर्नामेंट और संबंधित हितधारकों के हित को बनाए रखने के लिए पीसीबी की मांग मान ली, हालांकि इससे पीएमओए जहां यह बैठक हुई थी उसकी पवित्रता का पूर्ण अनादर प्रदर्शित हुआ।' आईसीसी को यह भी नहीं बताया गया कि पीसीबी रिकॉर्ड किए गए फुटेज का उपयोग कैसे करने की योजना बना रहा है। इसके अलावा, आईसीसी ने पीसीबी की उस मीडिया विज्ञप्ति पर भी आपत्ति जताई है, जिसमें यह दावा किया गया था कि मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट ने माफी मांगी है। दरअसल, पायक्रॉफ्ट ने केवल गलत संचार पर खेद जताया था, न कि औपचारिक माफी।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.