सुप्रिया सुले की मांग— रोहित पवार की सुरक्षा बढ़ाई जाए; अजित पवार विमान हादसे पर सवालों से बढ़ी सियासी हलचल
नई दिल्ली (आरएनआई)। एनसीपी (एसपी) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने महाराष्ट्र सरकार से अपने भाई और पार्टी नेता रोहित पवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। यह मांग उस समय सामने आई है, जब रोहित पवार 28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं, जिसमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी।
एक्स पर किए गए पोस्ट में सुप्रिया सुले ने कहा कि इस हादसे से पूरे महाराष्ट्र में शोक और सदमे का माहौल है। उन्होंने लिखा कि सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर इस दुर्घटना को लेकर कई तरह की शंकाएं और आशंकाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में जनता की भावनाओं को सामने रखना और तथ्यों के आधार पर सवाल उठाना पूरी तरह जायज है।
सुले ने कहा कि रोहित पवार बेहद जिम्मेदारी और शोध के साथ इस विषय से जुड़े तथ्य, मुद्दे और सवाल सामने रख रहे हैं। उन्होंने जोर दिया कि लोगों को अधिकारियों से स्पष्ट और समयबद्ध जवाब पाने का अधिकार है। अगर जवाब देने में देरी होती है, तो बेचैनी और अविश्वास और बढ़ेगा। इसे रोकने के लिए जरूरी है कि विमान हादसे की सच्चाई पूरी पारदर्शिता के साथ जनता के सामने लाई जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि व्यवस्था और प्रशासन पर सवाल उठाना हर भारतीय नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। रोहित पवार जनता के मन में उठ रही शंकाओं और चिंताओं को आवाज दे रहे हैं। ऐसे में यह बेहद आवश्यक है कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और इसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार उठाए।
गौरतलब है कि दो बार के विधायक रोहित पवार दिवंगत अजित पवार के भतीजे हैं। हाल ही में उन्होंने दो प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विमान दुर्घटना में तोड़फोड़ की आशंका जताई थी। साथ ही उन्होंने मांग की है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू अपने पद से इस्तीफा दें। रोहित पवार ने यह आरोप भी लगाया है कि जिस वीएसआर कंपनी का लेयरजेट विमान बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हुआ, उसे संरक्षण दिया जा रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम ने महाराष्ट्र की राजनीति में नया सियासी तनाव पैदा कर दिया है। एक तरफ हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो रही है, तो दूसरी ओर रोहित पवार की सुरक्षा को लेकर उठी आवाज ने सरकार पर दबाव बढ़ा दिया है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)