चौकी में बना रखा था विंटेज गाड़ियों का गैरेज! SSP की दबिश में दारोगा का 'राजसी शौक' उजागर, निलंबित
बरेली (आरएनआई)। शौक बड़ी चीज है — यह कहावत बरेली के बिहारीपुर चौकी इंचार्ज देवेंद्र सिंह ने सच साबित कर दी। चौकी परिसर, जो जनता की सुरक्षा और शिकायतों के निस्तारण के लिए बना था, वहां दरोगा ने विंटेज गाड़ियों का गैरेज खोल रखा था। चौकी के एक कमरे में दिन-रात गाड़ियों की मरम्मत और मॉडिफिकेशन का काम चलता था। इसके लिए बाकायदा एक प्राइवेट मिस्त्री को 24 घंटे के लिए रखा गया था।
गुप्त सूचना पर पहुंची पुलिस टीम
एसएसपी अनुराग आर्य को देर रात एक गोपनीय सूचना मिली कि बिहारीपुर चौकी में गाड़ियों का अवैध गैरेज चल रहा है। जानकारी मिलते ही एसपी सिटी राहुल भाटी की अगुवाई में टीम ने चौकी पर दबिश दी। कमरे का दरवाजा खुलते ही सबके होश उड़ गए — अंदर दर्जनों गाड़ियां खड़ी थीं और एक मिस्त्री काम में जुटा था।
23 गाड़ियां बरामद, 3 संदिग्ध
मौके से 23 गाड़ियां बरामद हुईं, जिनमें से तीन संदिग्ध पाई गईं। पुलिस ने सभी वाहनों को कोतवाली परिसर में लाकर खड़ा कराया है और अब नंबरों के आधार पर उनकी जांच की जा रही है।
जनता से दूरी, शौक से नजदीकी
बताया जा रहा है कि देवेंद्र सिंह ने चौकी का कामकाज पूरी तरह गाड़ियों के शौक के हवाले कर दिया था। न तो जन सुनवाई करते थे, न ही विवेचनाओं का निस्तारण। ज्यादातर समय इंजन, तेल और पेंचकस के बीच ही गुजरता था।
SSP ने किया निलंबन, विभागीय जांच के आदेश
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि चौकी इंचार्ज देवेंद्र सिंह द्वारा
जनता से खराब व्यवहार,
शिकायतों का समाधान न करना,
चौकी परिसर में गैरेज संचालित करना,
निजी मिस्त्री रखना,
और ड्यूटी के समय गाड़ियों की मरम्मत में समय व्यतीत करना
— जैसे आरोपों के चलते उन्हें निलंबित किया गया है। साथ ही विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
पहले भी विवादों में रह चुके हैं देवेंद्र सिंह
यह पहली बार नहीं है जब देवेंद्र सिंह सुर्खियों में आए हों। जगतपुर चौकी इंचार्ज रहते उन्होंने नीली जिप्सी पर लाल बत्ती और फ्लैशर लाइट लगाकर अफसरों की तरह गश्त शुरू कर दी थी। शिकायतों के बाद मामला दबा जरूर, पर आदत नहीं बदली।
मुखबिर ने खोली पोल
जानकारी के मुताबिक चौकी परिसर में दिनभर गाड़ियों की आवाजाही देखकर पुलिस के एक मुखबिर को शक हुआ। जब चौकी इंचार्ज से विवाद हुआ तो उसने यह राज सीधे एडीजी, आईजी और एसएसपी तक पहुंचा दिया। इसके बाद ही पूरी कहानी सामने आई।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



