गुना: रिलायंस स्मार्ट पर डिस्प्ले और बिल की कीमत में फर्क, ग्राहक ने पकड़ी गड़बड़ी
गुना (आरएनआई) रिलायंस स्मार्ट पर जाएं तो समान की कीमत में छूट की लालच में, अंग्रेजी के बारीक अक्षरों में निकाल कर दिए जाने वाले बिल को गौर से पढ़ लें। वर्ना डिस्प्ले में रखे सामान पर कीमत कम और बिल पर अधिक होने से आपको चपत लग सकती है। इतना ही नहीं यदि आपने रेट की ये गड़बड़ पकड़ ली तो सामान न देकर पैसे हो वापस कर दिए जाएंगे।
आज एक ग्राहक की जागरूकता से ये खुलासा हुआ। ग्राहक ने जब इस गड़बड़ी को पकड़ कर बहस की तो पहले तो स्टोर कर्मचारी मानने ही तैयार नहीं हुए लेकिन जब ग्राहक ने खुद स्टोर में रखे एक आइटम पर डाली गई रेट की स्लिप खुद दिखाई तो स्थानीय स्टोर प्रबंधन ने ग्राहक से उक्त सामान बेचा ही नहीं, सामान वापस लेकर पैसे लौटा दिए। इस कवायद में ग्राहक का करीब आधा घंटा खराब हो गया।
आज शाम को ग्राहक नीतेश तिवारी अपने एक मित्र के साथ कुछ जरूरत का सामान लेने रिलायंस स्मार्ट पर गए थे। उन्होंने अन्य सामान के साथ बच्चे के पोको पेंट (ΜΑΜΥΡΟΚΟ PNTS EXTR ABSRB 7-12KG) का पैकेट खरीदा। स्टोर के डिस्प्ले में रखे इस आइटम पर रेट कार्ड लगा था। जिस पर अधिकतम खुदरा मुख्य (MRP) 1549 रुपए लिखा था और स्मार्ट प्राइस ₹929 लिखी थी। ग्राहक को आकर्षित करने बड़े अक्षरों में 620 रुपए की बचत का ऑफर दिया गया था।
सामान लेने के बाद सारे सामान का जब प्रिंटेड बिल निकला तो नीतेश ने स्टोर पर भरोसा कर पूरे पैसों का भुगतान भी कर दिया। इस बीच उनके मित्र की नज़र बिल पर पड़ी जिसमें पोको पेंट की कीमत पूरे 110 रुपए ज्यादा यानी 1039 रुपए लिखी थी। जब उन्होंने बिल पर लिखी दर और स्टोर के डिस्प्ले में दिखाई गई दर में अंतर को लेकर काउंटर पर पूछताछ की तो जैसा अक्सर होता है वैसा ही हुआ।
पहले तो कोई मानने ही तैयार नहीं हुआ। फिर एक कर्मचारी साथ में डिस्प्ले पर लगे आइटम का रेट कार्ड देखने गया तो नीतेश की बात सही निकली। इस पर स्टोर प्रबंधन ने नई बात कह दी कि सॉरी वो ऑफर रेट तो 07 सितंबर तक थी, अब नहीं है। हम रेटकार्ड बदलना भूल गए। जो बिल में रेट लिखी है आज तो वही रेट लगेगी।
इस पर नीतेश ने ये कहकर आपत्ति जताई कि ये तो फेयर डील नहीं है कि आप डिस्प्ले में कम रेट दिखाओ और बिल में ज्यादा लगा दो। कस्टमर इस गड़बड़ी को पकड़ ले तो आप कह दो कि पुरानी रेट का कार्ड हटाना भूल गए। कस्टमर तो भरोसा करके सामान लेता है यदि मेरा दोस्त बिल न देखता तो मैंने तो पेमेंट कर ही दिया था।
लेकिन स्टोर का स्थानीय प्रबंधन अपनी बात पर ही अड़ा रहा। आखिरी में स्टोर ने नीतेश से उक्त सामान वापस कर उसके पैसे लौटा दिए। इस घटना के बाद नितेश का ग्राहकों से कहना है कि बड़े स्टोर की चकाचौंध में अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें। डिस्प्ले की रेट से प्रभावित होकर सामान लें तो बिल में उस सामान की रेट जरूर देख लें, ताकि आपके साथ धोखा न हो।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
2
Sad
1
Wow
0



