गुना में सड़क सुरक्षा सख्त: हेलमेट अनिवार्य अभियान लागू, मौके पर मिलेगा हेलमेट

Dec 3, 2025 - 14:38
Dec 3, 2025 - 14:45
 0  27
गुना में सड़क सुरक्षा सख्त: हेलमेट अनिवार्य अभियान लागू, मौके पर मिलेगा हेलमेट

गुना (आरएनआई)। कलेक्टर किशोर कन्याल ने कहा है कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों को रोकने के लिए अब हेलमेट अनिवार्य अभियान को गंभीरता से लागू किया जाएगा। इसके तहत पुलिस अधीक्षक के साथ बैठक में यह सहमति बनी है कि चालान के साथ ही मौके पर हेलमेट भी उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में सड़कों पर 600 से अधिक लोगों की मौतें हुई हैं, जिनमें अधिकांश हादसों में मोटरसाइकिल सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। इसलिए विशेष चेकिंग अभियान चलाकर दुर्घटना संभावित स्थानों पर सख्ती की जाएगी। कलेक्टर ने यह भी कहा कि ‘हेलमेट जीवन में जरूरी’ अभियान के तहत रक्तदान शिविरों में रक्तदाताओं को प्रेरणास्वरूप हेलमेट भी दिए गए हैं तथा स्कूलों में जागरूकता कैंप लगाए जा रहे हैं।

सड़क सुधार कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बरसात के बाद सड़कें काफी खराब स्थिति में थीं। एनएच पर पेंचवर्क शुरू हो चुका है, वहीं शहर की सड़कों की रिपेयरिंग के लिए पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद शहर में जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि एसआईआर (SIR) अभियान में जिले की ग्रेडिंग में सुधार हुआ है। पहले पिछड़ने के बाद अब फॉर्म वितरण, संकलन और ऑनलाइन जमा प्रक्रिया को तेज कर जिले को राज्य में बेहतर रैंकिंग दिलाई गई है। कुछ कमियां हैं, जिन्हें शीघ्र दूर कर लिया जाएगा।

कलेक्टर कन्याल ने बताया कि गुनिया नदी के विकास कार्य तीन चरणों में होंगे।
पहला चरण— प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने भवनों का व्यवस्थित विस्थापन।
दूसरा चरण— नदी से अतिक्रमण हटाना, चौड़ीकरण, ट्रैकिंग, बोटिंग की व्यवस्था, पौधारोपण और गार्डन विकास।
तीसरा चरण— ‘नमामि गंगे’ परियोजना के अंतर्गत मिलने वाले फंड से नदी का संपूर्ण कायाकल्प।
उन्होंने कहा कि ग्वालियर की तर्ज पर इसे एक सुंदर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

खाद संकट के सवाल पर कलेक्टर ने बताया कि नैनो यूरिया पूरी तरह अनिवार्य नहीं है, लेकिन इफको द्वारा किसानों को दो लाख नैनो यूरिया बोतलें वितरित करने का लक्ष्य है। इससे किसानों को भविष्य में बेहतर उत्पादन में मदद मिलेगी। कृषि विभाग किसानों को इसके लाभों की जानकारी दे रहा है।

अतिक्रमण और भूमाफिया पर कार्रवाई को लेकर कलेक्टर ने स्पष्ट कहा —
“मेरे रहते किसी भी कीमत पर अतिक्रमणकारियों और भूमाफियाओं को छोड़ा नहीं जाएगा। गुना को साफ-सुथरा और विकासोन्मुख बनाना मेरी प्राथमिक जिम्मेदारी है और मैं इसे पूरी तरह निभाऊंगा।”

उन्होंने कहा कि सीमित स्टाफ और प्रक्रिया संबंधी औपचारिकताओं के कारण कभी-कभी कार्रवाई में विलंब होता है, लेकिन अगले तीन माह में गुना जिले में अतिक्रमण हटाने और विकास कार्यों की रफ्तार स्पष्ट दिखाई देगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0