गुना में बाढ़ पीडि़तों को राहत, मुआवजा और राशन की मांग को लेकर सौंपा गया ज्ञापन
भारी बारिश से दर्जनों इलाकों में तबाही, जनजीवन अस्त-व्यस्त, प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की अपील।
गुना (आरएनआई) शहर में विगत दिवस मूसलाधार बारिश के बाद गुना शहर में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई, जिससे शहर के कई क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुए। पानी भरने से अनेक कॉलोनियों और मोहल्लों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। बाढ़ के कारण पुराने शहर की बस्तियों से लेकर नई कॉलोनियों तक दर्जनों मकान जलमग्न हो गए। इससे न केवल घरों का नुकसान हुआ, बल्कि लोगों की रोजमर्रा की वस्तुएं और वाहन भी खराब हो गए। बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में पुरानी छावनी, प्रजापति मंदिर के पीछे का क्षेत्र, आसमानी माता मंदिर के पास की बस्तियां, खटीक मोहल्ला, शिव मंदिर के पीछे वाली गली, नानाखेड़ी आवासीय क्षेत्र, पटेल नगर, न्यू सिटी कॉलोनी, पवन कॉलोनी, अंबे चौक, मातपुरा और बरवट बस्ती कैंट शामिल हैं। इन क्षेत्रों में लोगों के घरों में पानी पहली मंजिल तक पहुंच गया, जिससे टीवी, फ्रिज, कूलर, पंखा, वॉशिंग मशीन, मिक्सी, पानी की मोटर, स्कूटी, बाइक, कार और ऑटो जैसे सामान पूर्णत: खराब हो गए हैं। कई कच्चे मकान जलप्रवाह को नहीं झेल सके और गिर गए, जिससे प्रभावित परिवारों की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। बाढ़ के कारण शहर के कई क्षेत्रों में पीने के पानी की आपूर्ति भी बाधित हो गई है। पाइपलाइनों के फूटने से गंदा पानी आ रहा है, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रभावित परिवारों की ओर से गुना जिलाधीश को एक ज्ञापन सौंपा गया है, जिसमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत कार्य शुरू करने, हर घर का सर्वे कर उचित मुआवजा दिलाने, राशन वितरण की व्यवस्था करने और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की गई है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रशासन द्वारा कुछ क्षेत्रों में भोजन और आश्रय की व्यवस्था की गई है, लेकिन अन्य कई क्षेत्रों में अब भी लोग प्रशासनिक सहायता से वंचित हैं। ज्ञापन के साथ बाढ़ पीड़ित परिवारों की सूची भी संलग्न की गई है, जिससे प्रशासन को सहायता कार्यों में सुविधा हो। ज्ञापन देने वालों ने आग्रह किया है कि जिला प्रशासन स्वयं इन प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर राहत कार्यों में तेजी लाए और पीड़ितों को जीवन पटरी पर लाने में मदद करे। नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस आपदा की गंभीरता को समझते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाएगा ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



