गुना: मिलादुन्नबी जुलूस में हुड़दंग, डीजे व ट्रैक्टर चालक पर एफआईआर; सीसीटीवी से होगी पहचान
गुना (आरएनआई) शुक्रवार को गुना शहर में निकाले गए मिलादुन्नबी जुलूस में शामिल तेज आवाज डीजे की धमक से एक मकान और दुकान की फॉल्स सीलिंग गिर गई थी। डीजे अनाधिकृत ढंग से ऊंचाई तक मोडिफाइड किए गए, जिन पर लोग खतरनाक स्टंट दिखा रहे थे। इसी तरह एक मोडिफाइड ट्रैक्टर पर तलवार नुमा आकृति को खतरनाक तरीके से लटकाकर स्टंट दिखाने से यातायात बाधित हुआ था। इन मामलों को पुलिस ने गंभीरता से लेकर दो अलग अलग एफआईआर दर्ज की है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को शहर में जुलूस निकाला गया था। सुबह कुछ जगह इंदौर के गैंगस्टर सलमान लाला के पोस्टर बैनर लगाए जाने से विवाद की स्थिति निर्मित हुई थी। पुलिस प्रशासन ने कई जगह से आपत्तिजनक बैनर हटवा दिए थे। इस दौरान इन आपत्तिजनक पोस्टरों का फोटो खींचने पर एक युवक अभिषेक तिवारी के साथ मारपीट और लूट की घटना भी सामने आई थी। शुक्रवार को शहर के अलग स्थानों से व्हीकल माउंटेड डीजे के साथ जुलूस निकाले गए जो जयस्तंभ चौराहे पर एक साथ मिले। फिर एक बड़े जुलूस के रूप में शहर के मुख्य मार्गों से निकले।
डीजे बेहद तेज आवाज में बजाए जा रहे थे। इन्हें मोडिफाइड किया गया था। साथ ही डीजे पर चढ़कर कुछ लोग खतरनाक स्टंट भी दिखा रहे थे। सर्राफा बाजार में डीजे की आवाज से एक मकान व दुकान की प्लास्टर ऑफ पेरिस से निर्मित सीलिंग व दीवार का हिस्सा भरभराकर गिर गया। इस बारे सर्राफा बाजार निवासी अनुराग जैन ने पुलिस से शिकायत की कि, 5 सितंबर को शाम करीबन पांच बजे सराफा बाजार से जुलूस निकल रहा था और जुलूस में लोडिंग वाहनों पर बड़े बड़े डीजे एवं बहुत सारे साउण्ड बॉक्स लगाकर लोडिंग वाहनों को मोडिफाईड किया गया था और बहुत अधिक तेज आवाज में डीजे बज रहे थे।
अनुराग ने बताया कि मेरे मकान के पास 2-3 घण्टे तक बहुत ज्यादा तेज आवाज में लगातार डीजे बजते रहे थे। डीजे की ध्वनि इतनी अधिक तेज थी की ध्वनि के अलावा कुछ भी सुनाई नहीं दे रहा था और डीजे की तेज आवाज से मेरी दुकान और मकान के काँच कपन्न करने लगे। कुछ देर बाद मेरी गैलरी की छत व पीओपी टूटकर गिर गई और लगातार बहुत अधिक तेज आवाज में डीजे बजने से मेरे कानों में, सिर व सीने में दर्द होने लगा था। मेरी छत व पीओपी गिरने से मेरा नुकसान हो गया है।
उसके बाद रोड जाम होने से आवागमन पूरी तरफ से बन्द हो गया एवं सभी तरफ के रास्ते पूर्णतः जाम हो चुके थे। जिससे आम लोगों को, आपातकालीन वाहनों व एम्बुलेंन्स को निकलने के लिए रास्ता पूरी तरह अवरूद्ध हो गया एवं काफी परेशानी होने लगी थी। मौके पर आनंद जैन व राजेश अग्रवाल थे। उल्लेखनीय है कि इस संबंध में कलेक्टर द्वारा डीजे संचालकों के लिए स्पष्ट आदेश जारी किये गये थे, जिनका पालन नहीं किया गया।
पुलिस ने इस मामले को गम्भीरता से लेकर सभी अज्ञात डीजे संचालकों के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 126 (2), 223,125,292,324 (4) , मप्र कोलाहल अधिनियम की धारा 7/15 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 198, 1945, 184A (4), 52/192 पंजीबद्ध किया है। अब सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से डीजे का पता लगाकर उन्हें जप्त किया जाएगा।
इसी तरह मोडिफाइड ट्रैक्टर क्रमांक MP04AC6630 के चालक के विरुद्ध भी खतरनाक ढंग से तलवार नुमा आकृति लटका कर निकालने को लेकर सिटी कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई है। यह एफआईआर विवेक सोलंकी की शिकायत पर दर्ज की गई है। विवेक ने पुलिस को बताया कि 05 सितंबर को शाम करीबन छह बजे वह सक्षम दुबे के साथ घर से अपनी मोटर सायकल से जा रहा था। वह जयस्तम्भ चौराहे पर पहुंचा तो वहाँ से जुलूस निकल रहा था। उक्त जुलूस में एक मोडिफाइड ट्रेक्टर क्रमांक MP04AC6630 भी चल रहा था। जिसे क्रेन की तरफ मोडिफाइड किया गया था और उसके आगे वाले हिस्से पर एक धारदार तलवारनुमा हथियार लटका रखा था।
ट्रेक्टर का चालक उक्त मोडिफाईड ट्रैक्टर को खतरनाक तरीके से चलाकर जुलूस में स्टंट कर रहा था, जिससे आमजन को निकलने में खतरा हो रहा था। उक्त ट्रैक्टर से आवागमन पूरी तरफ से बन्द हो गया एवं जयस्तम्भ चौराहे से जाने वाले सराफा रोड, तेलधानी रोड, बस स्टैण्ड रोड व आरोन रोड पूरी तरह से जाम हो गये। जिससे आम लोगों को, वाहनों व एम्बुलेन्स को निकलने के लिए रास्ता पूर्णत अवरूद्ध हो गया। विवेक ने बताया कि ट्रैक्टर चालक के उक्त कृत्य से मुझे व वहां पर मौजूद अन्य लोगों को काफी परेशानी हुई थी। जबकि पूर्व में कलेक्टर द्वारा हथियारों के प्रदर्शन न करने के संबंध में आदेश जारी किये गये है। मौके पर मेरे साथ सक्षम दुबे व गौरव नामदेव थे जिन्होंने घटना देखी है।
पुलिस ने इस शिकायत पर पर मोडिफाइड ट्रेक्टर क्रमांक MP04AC6630 के चालक के विरुद्ध अपराध धारा 223, 125, 126(2) बीएनएस एवं 52/192,66/192,184,198 एमव्ही एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। ट्रेक्टर को जप्त करने की कार्यवाही की जा रही है।
उधर शुक्रवार को इंदौर के गैंगस्टर सलमान लाला के बैनर पोस्टर लगाए जाने के मामले में भी पुलिस एक्टिव है। सूत्रों न बताया कि लाला गैंग से गुना के कौन कौन तत्व जुड़े हैं और किस किस को पर्दे के सामने या पीछे रहकर गैंगस्टर बनने का शौक चढ़ रहा है उन सभी के इंस्टाग्राम और सोशल मीडिया अकाउंट खंगाले जा रहे हैं।
साथ ही बैनर पोस्टर कहां छपवाए तथा किसने छपवाए, पुलिस इसका भी पता कर रही है। इसके अलावा अभिषेक तिवारी के साथ मारपीट, लूट करने वाले बदमाशों की शिनाख्त करने में भी पुलिस की एक टीम जुटी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी खुद रात भर से सारे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चैक कर जुलूस में शामिल नियम विरुद्ध डीजे का पता लगाकर जप्त करने के निर्देश एसपी ने दिए हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



