केजरीवाल का भाजपा पर हमला, बोले— आदिवासियों के साथ 30 साल से अन्याय, वादों के नाम पर दिया गया धोखा
नई दिल्ली (आरएनआई)। आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुजरात दौरे के दौरान भाजपा पर आदिवासियों के दमन और उनके अधिकार छीनने का गंभीर आरोप लगाया है। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटी आम आदमी पार्टी ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा किया है।
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि पिछले 30 वर्षों में भाजपा ने गुजरात के आदिवासी समाज के साथ केवल अन्याय, शोषण और दमन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासियों के अधिकार छीने गए और उनकी आवाज को दबाया गया। केजरीवाल ने बनासकांठा जिले के पालड़िया गांव में आदिवासियों पर हुई हिंसा को बेहद शर्मनाक बताते हुए इसकी निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की। साथ ही उन्होंने दोषियों को कड़ी सजा देने की अपील की।
केजरीवाल ने कहा कि आदिवासी समाज वर्षों से जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की मांग कर रहा है, लेकिन भाजपा सरकार ने हर बार सिर्फ वादे किए और उन्हें धोखा दिया। उन्होंने कहा कि अब आदिवासी समाज को इंसाफ चाहिए और उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा होनी चाहिए।
केजरीवाल का यह बयान आम आदमी पार्टी के विधायक चैतर वसावा के उस सोशल मीडिया पोस्ट के बाद आया है, जिसमें उन्होंने बनासकांठा जिले के अंबाजी के पास स्थित पालड़िया गांव में जमीन के कब्जे से जुड़ी घटना का जिक्र किया था।
चैतर वसावा ने बताया कि पालड़िया गांव में जमीन को लेकर स्थानीय आदिवासियों, वन विभाग और पुलिस के बीच विवाद हुआ था, जो बाद में हिंसक रूप ले बैठा। घटना की सच्चाई जानने के लिए उन्होंने आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों, लीगल टीम और आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ गांव का दौरा किया। वसावा ने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर पूंजीपतियों के हित में भाजपा सरकार आदिवासियों को उनकी जमीन से बेदखल करना चाहती है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस घटना में पुलिस ने साजिश के तहत आदिवासियों पर लाठीचार्ज किया, आंसू गैस के गोले छोड़े गए और करीब 50 राउंड फायरिंग की गई। वसावा ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम व वन अधिकार अधिनियम का उल्लंघन करने वाले पुलिस अधिकारियों तथा वन विभाग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



