काशीबुग्गा मंदिर में भगदड़ के बाद पुलिस ने श्रद्धालुओं के प्रवेश पर लगाई रोक, 10 लोगों की गई थी जान
श्रीकाकुलम (आरएनआई) आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में शनिवार को हुए भीषण हादसे के बाद रविवार को पुलिस ने मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगा दी है। एकादशी के मौके पर आयोजित धार्मिक समारोह के दौरान मची भगदड़ में 10 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें आठ महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। कई अन्य श्रद्धालु घायल हुए थे, जिनमें से कुछ की हड्डियां टूट गईं और कुछ को सांस लेने में कठिनाई के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया।
श्रीकाकुलम के पुलिस अधीक्षक के.वी. महेश्वर रेड्डी ने बताया कि हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से मंदिर में दर्शन पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है। उन्होंने बताया कि नौ शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। गंभीर रूप से घायल दो लोगों की हालत अब स्थिर है, जबकि अन्य घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
रेड्डी ने बताया कि मंदिर प्रशासन ने इस धार्मिक आयोजन के लिए न तो प्रशासन से आवश्यक अनुमति ली थी और न ही भीड़ प्रबंधन या सुरक्षा के लिए पुलिस को सूचित किया था। उन्होंने कहा कि “मंदिरों या धार्मिक स्थलों पर किसी भी बड़े आयोजन से पहले पुलिस को सूचित करना अनिवार्य होता है, ताकि सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की उचित व्यवस्था की जा सके।” उनके अनुसार, श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर एक निजी मंदिर है, जो बिना अनुमोदन के संचालित हो रहा था और आयोजकों द्वारा सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण यह दुखद हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय मंदिर का एकमात्र द्वार बंद था। पहले से अंदर मौजूद श्रद्धालु दर्शन के लिए आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, इसी दौरान ग्रिल टूटने से कई लोग सीढ़ियों से नीचे गिर गए और बाहर इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं पर आ गिरे। इससे भगदड़ मच गई और कई लोग दब गए।
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई प्रमुख नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। वहीं, पुलिस ने मंदिर प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



