अंता विधानसभा उपचुनाव 2025: सुबह 9 बजे तक 14.09% मतदान, कुछ जगहों पर मशीन में गड़बड़ी और वोट बहिष्कार
बारां (आरएनआई): अंता विधानसभा उपचुनाव 2025 के लिए सोमवार को मतदान जारी है। क्षेत्र के 268 मतदान केन्द्रों पर सुबह 9 बजे तक कुल 14.09 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। सुबह के समय मतदाताओं में उत्साह देखा गया, हालांकि कुछ मतदान केन्द्रों पर तकनीकी गड़बड़ियों के कारण वोटिंग में थोड़ी देर हुई।
मांगरोल क्षेत्र के बलूंदा गांव स्थित मतदान केंद्र संख्या 84 पर 184 मत डाले जाने के बाद ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे मतदान कुछ समय के लिए रुक गया। मतदानकर्मी पहले मशीन को सुधारने की कोशिश करते रहे, लेकिन बाद में नई मशीन मंगवाकर मतदान दोबारा शुरू किया गया।
यह सीट पूर्व विधायक कंवरलाल मीणा की सदस्यता रद्द होने के बाद खाली हुई थी। मई 2025 में राजस्थान हाईकोर्ट से उन्हें 20 साल पुराने एक मामले में सजा सुनाई गई थी, जिसके बाद विधानसभा ने उनकी सदस्यता समाप्त कर दी। सुप्रीम कोर्ट के 2013 के ‘लिली थॉमस बनाम भारत संघ’ मामले में दिए गए फैसले के तहत, किसी जनप्रतिनिधि को दो साल या उससे अधिक की सजा होने पर वह स्वतः अयोग्य हो जाता है।
वहीं, साकली गांव से मतदान बहिष्कार की खबर आई है। इस गांव के 736 मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार किया है। प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को मतदान के लिए समझाने में जुटी हुई है।
चुनाव से पहले भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन ने अपने गांव तिसाया में मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की। इस बार अंता में मुकाबला बेहद रोमांचक माना जा रहा है, क्योंकि मतदाताओं का रुझान स्पष्ट नहीं है। प्रचार के दौरान बीजेपी ने पूरी ताकत झोंक दी थी — मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, सांसद दुष्यंत सिंह और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ समेत कई बड़े नेता प्रचार में उतरे थे। वहीं कांग्रेस की ओर से गोविंद सिंह डोटासरा, टीकाराम जूली, सचिन पायलट और अशोक गहलोत जैसे वरिष्ठ नेताओं ने प्रचार संभाला।
अंता उपचुनाव में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। बीजेपी से मोरपाल सुमन, कांग्रेस से प्रमोद जैन भाया, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार नरेश मीणा आरएलपी और आम आदमी पार्टी के समर्थन से मैदान में हैं। तीनों उम्मीदवारों ने मतदान से पहले तक रोड शो और जनसंपर्क में कोई कसर नहीं छोड़ी।
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के सख्त इंतज़ाम किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर दो वॉलंटियर तैनात हैं और मोबाइल फोन रखने के लिए जूट बैग उपलब्ध कराए गए हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए ईवीएम बैलेट पेपर पर प्रत्याशियों की रंगीन फोटो भी अंकित की गई है। साथ ही मतदान केन्द्र से 100 मीटर की दूरी तक किसी भी प्रकार के राजनीतिक प्रचार पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
पिछले विधानसभा चुनाव में अंता में कुल 176,064 मत डाले गए थे, जिसमें 80.3 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार मतदाताओं का उत्साह देखकर उम्मीद की जा रही है कि मतदान प्रतिशत फिर से ऊंचा रहेगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



