धर्मांतरण के खिलाफ जौनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार; ऑनलाइन ‘चंगाई सभा’ की आड़ में चल रहा था खेल
जौनपुर (आरएनआई) जौनपुर जिले में धर्मांतरण के एक मामले ने बड़ा रूप ले लिया है। पुलिस ने ऑनलाइन चंगाई सभा के नाम पर धर्मांतरण कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक महिला और उसकी पुत्री भी शामिल हैं।
मामला केराकत थाना क्षेत्र के सरकी गांव का है, जहां ऑनलाइन माध्यम से आयोजित एक प्रार्थना सभा में गरीब और पिछड़ी जाति के लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रलोभन दिया जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने छापा मारकर आरोपियों को मौके से दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गीता देवी पत्नी रामायन राम, उनकी पुत्री रेखा, सोनू पुत्र लहरू, और विजय पुत्र हरिकंचन राम के रूप में हुई है।
पुलिस को यह कार्रवाई तब करनी पड़ी जब एक स्थानीय व्यक्ति लखई राम पुत्र स्व. सेचन निवासी बंजारेपुर ने तहरीर देकर बताया कि ये लोग पिछले कई वर्षों से गरीब और निम्नवर्गीय लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए पैसों, नौकरी और अन्य सुविधाओं का लालच दे रहे थे। शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपियों द्वारा लोगों को ईसाई धर्म अपनाने पर दवाई-पानी, नौकरी और सुंदर लड़की से विवाह जैसी बातें कहकर बहकाया जा रहा था।
सूत्रों के अनुसार, आरोपियों के घर पर नियमित रूप से ईसाई प्रार्थना सभाएं आयोजित की जाती थीं, जिनमें हिंदू देवताओं के प्रति अपशब्द कहे जाते थे और लोगों पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जाता था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे भी पैसे का लालच देकर धर्म बदलने को कहा गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बाइबिल की कई पुस्तकें और प्रचार सामग्री जब्त की।
क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार रजक ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर ऑनलाइन सभा के दौरान छापा मारा गया और मौके से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश धर्मांतरण प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इस नेटवर्क के पीछे कोई बड़ा संगठन या फंडिंग चैनल भी काम कर रहा था।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



