हिजाब विवाद पर सीएम नीतीश कुमार पर बरसे उमर अब्दुल्ला, भाजपा पर भी किया तीखा हमला
मुंबई (आरएनआई)। पटना में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान महिला आयुष डॉक्टर का हिजाब खींचने के मामले में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विवादों में घिर गए हैं। इस घटना को लेकर विपक्ष लगातार हमलावर है और इसे महिला की गरिमा व धार्मिक आस्था का अपमान बताया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस मामले में कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए नीतीश कुमार से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
यह मामला उस समय सामने आया, जब पटना में नवनियुक्त आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपे जा रहे थे। कार्यक्रम के दौरान एक महिला डॉक्टर हिजाब पहने हुई थीं, जिसे नियुक्ति पत्र देते समय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खींच दिया। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
उमर अब्दुल्ला ने इस घटना की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि यह भूल जाना चाहिए कि वह महिला मुस्लिम थीं या उन्होंने हिजाब पहना हुआ था। किसी भी महिला के कपड़ों को इस तरह छूना या हटाना पूरी तरह गलत है। उन्होंने सवाल उठाया कि किसी व्यक्ति को, चाहे वह मुख्यमंत्री ही क्यों न हो, किसी महिला के वस्त्रों को छूने या हटाने का क्या अधिकार है। उन्होंने कहा कि जबरन किसी मुस्लिम महिला का हिजाब हटाना बेहद आपत्तिजनक है। उमर अब्दुल्ला ने यह भी कहा कि महिला डॉक्टर ने अब काम न करने की बात कही है, जिससे साफ है कि इस घटना ने उन्हें गहराई से आहत किया है। ऐसे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगनी चाहिए।
इस मामले में उमर अब्दुल्ला ने भाजपा पर भी तीखा हमला बोला। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा से ऐसी ही प्रतिक्रिया की उम्मीद की जा सकती है। उन्होंने सवाल किया कि यदि यही घटना किसी हिंदू महिला के साथ होती, जिसने घूंघट पहना होता, और किसी नेता ने उसे हटाया होता, तो क्या भाजपा की प्रतिक्रिया यही होती? उन्होंने आगे कहा कि अगर किसी मुस्लिम नेता ने किसी हिंदू महिला का घूंघट हटाया होता, तो देशभर में बड़ा हंगामा खड़ा हो जाता। लेकिन यहां मामला एक मुस्लिम महिला डॉक्टर का है, इसलिए भाजपा का रुख अलग नजर आ रहा है।
इसी बातचीत के दौरान पृथ्वीराज चव्हाण के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से जुड़े विवादित बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में उमर अब्दुल्ला ने कहा कि किसी एक व्यक्ति के बयान को पूरी पार्टी से जोड़ना गलत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी नेतृत्व ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद कांग्रेस पार्टी न सिर्फ भारत सरकार के साथ खड़ी रही, बल्कि सेना के साथ भी मजबूती से खड़ी रही है और उसे आगे भी ऐसा ही करते रहना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



