संभल में पदयात्रा के एलान के बाद सुरक्षा कड़ी, जामा मस्जिद–हरिहर विवाद पर प्रशासन हाई अलर्ट पर
संभल (आरएनआई) जामा मस्जिद–हरिहर मंदिर विवाद के बीच महंत ऋषिराज गिरि द्वारा पदयात्रा के एलान के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। बुधवार सुबह कैलादेवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगाए गए बैरियर को महंत ऋषिराज गिरि ने खुद हटवा दिया, जिसके बाद बड़ी संख्या में साधु-संत और समर्थक मंदिर परिसर में पहुंचने लगे। इसके चलते पुलिस-प्रशासन ने इलाके को संवेदनशील मानते हुए सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर कर दिया है।
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि जिले में धारा 163 लागू है, जिसके तहत किसी भी जुलूस या भीड़भाड़ वाले आयोजन की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसी के चलते थाना प्रभारियों और अधीनस्थ अधिकारियों को लगातार गश्त और निगरानी में लगाया गया है।
जामा मस्जिद, चौधरी सराय और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है। सीओ आलोक भाटी पुलिस बल के साथ कैलादेवी मंदिर पहुंचकर मौके की स्थिति की समीक्षा कर चुके हैं। जामा मस्जिद के आसपास ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी जा रही है, जबकि स्थानीय खुफिया इकाई (एलआईयू) को भी एक्टिव कर अप्रत्याशित परिस्थिति पर तत्काल नियंत्रण के निर्देश दिए गए हैं।
19 नवंबर 2024 को सिविल न्यायालय संभल में दायर दावे में कहा गया था कि वर्तमान जामा मस्जिद का मूल स्वरूप श्री हरिहर मंदिर था। इस दावे के एक वर्ष पूर्ण होने पर महंत ऋषिराज गिरि ने बुधवार को पदयात्रा निकालने का आह्वान किया है। चर्चा है कि पदयात्रा जामा मस्जिद क्षेत्र की ओर भी बढ़ाई जा सकती है, जिसके चलते प्रशासन अतिरिक्त सावधानी बरत रहा है।
महंत ऋषिराज गिरि का कहना है कि पदयात्रा का उद्देश्य अधिक से अधिक सनातनियों को जोड़ना और हरिहर स्थल की परिक्रमा करना है। इसी कारण सुबह से ही श्रद्धालुओं का जमावड़ा मंदिर पर बढ़ता गया और स्थिति को देखते हुए पूरे शहर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



