श्रीनगर नौगाम थाने में भीषण धमाका हादसा साबित, डीजीपी बोले—आतंकी हमला नहीं

Nov 15, 2025 - 16:32
 0  135
श्रीनगर नौगाम थाने में भीषण धमाका हादसा साबित, डीजीपी बोले—आतंकी हमला नहीं

श्रीनगर (आरएनआई) श्रीनगर के नौगाम पुलिस थाना परिसर में शुक्रवार देर रात हुए भीषण विस्फोट के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात ने स्पष्ट किया है कि धमाका किसी आतंकी हमले या साजिश का हिस्सा नहीं था, बल्कि यह सैंपलिंग प्रक्रिया के दौरान हुआ एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा था। शुक्रवार रात करीब 11:20 बजे हुए इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हुए हैं।

विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी आवाज़ कई किलोमीटर दूर राजबाग, सनतनगर, पंथा चौक, रावलपोरा, छानपोरा और पुराने सचिवालय क्षेत्र तक सुनाई दी। धमाके के बाद परिसर में खड़े कई वाहन धू-धू कर जल उठे और पुलिस स्टेशन की इमारत के साथ आस-पास की संरचनाओं को भी भारी नुकसान पहुंचा।

डीजीपी नलिन प्रभात ने बताया कि नौगाम थाना ‘सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल’ से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले की जांच कर रहा था। इसी जांच के दौरान हाल ही में फरीदाबाद से करीब 2,900 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट, एनपीएस और अन्य रसायन बरामद किए गए थे। इन विस्फोटकों की फोरेंसिक जांच के लिए एफएसएल की टीम पिछले दो दिनों से सैंपलिंग कर रही थी।

नमूना लेने की प्रक्रिया के दौरान शुक्रवार रात अचानक तेज धमाका हो गया। हादसे में एसआईए के एक कर्मी, एफएसएल टीम के तीन सदस्य, क्राइम सीन के दो फोटोग्राफर, दो राजस्व अधिकारी और टीम के साथ मौजूद एक दर्जी की मौत हो गई। इसके अलावा 27 पुलिसकर्मी, दो राजस्व अधिकारी और तीन स्थानीय नागरिक घायल हुए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

विस्फोट के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया और आने-जाने के सभी रास्ते बंद कर दिए गए। पुलिस ने बताया कि यह विस्फोट हाल ही में जब्त किए गए विस्फोटकों की वैज्ञानिक जांच के दौरान हुआ, इसलिए इस घटना के पीछे किसी अन्य संभावना के अनुमान लगाना उचित नहीं है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और कहा है कि इस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.