वंदे मातरम पर लोकसभा में तीखी बहस, अखिलेश यादव ने सरकार पर लगाया बंटवारे का आरोप
नई दिल्ली (आरएनआई) — राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम पर लोकसभा में हुई चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद अखिलेश यादव ने सत्ता पक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राष्ट्रवाद के नाम पर लोगों के बीच मतभेद बढ़ाकर सत्ता बनाए रखना चाहती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग आज राष्ट्रवाद की दुहाई देकर इतिहास पर अधिकार जताने की कोशिश कर रहे हैं, वही लोग आजादी के संघर्ष में कहीं दिखाई नहीं दिए थे। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष हर उस चीज़ पर स्वामित्व जताने की कोशिश कर रहा है, जो उनकी विचारधारा से संबंधित नहीं रही है।
सपा अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो सत्ता पक्ष को यह भ्रम है कि वंदे मातरम भी उसी ने लिखा। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम केवल गाया जाने वाला गीत नहीं है, बल्कि उसके भाव को जीवन में उतारने की जरूरत है—क्योंकि यह देश को जोड़ने वाला गीत है।
उन्होंने अंग्रेजों की नीति का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे ब्रिटिश शासन ने लोगों को बांटकर राज किया, आज भी कुछ लोग उसी रास्ते पर चल रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि ‘‘वंदे मातरम राजनीति का नहीं, देशभक्ति का विषय है और इसे मतभेदों का कारण बनाना राष्ट्र के खिलाफ कदम है।’’
लोकसभा में इस मुद्दे पर दोनों पक्षों की बहस के चलते राष्ट्रवाद और आजादी के इतिहास को लेकर राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरमा गया है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



