लाल किला धमाका: आई-20 कार के मालिक की पहचान, दिल्ली पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
दिल्ली (आरएनआई): सोमवार शाम दिल्ली के लाल किले के पास हुई भीषण विस्फोट की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। शाम करीब सात बजे एक आई-20 कार में हुए धमाके से आसपास खड़ी कई गाड़ियों में आग लग गई। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 से अधिक लोग घायल हुए हैं। धमाके के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे दिल्ली-एनसीआर को अलर्ट पर रखा है।
धमाके में इस्तेमाल हुई कार, एचआर-26-सीई-7674, की पहचान गुरुग्राम निवासी सलमान के नाम से हुई है। पुलिस ने सलमान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में उसने बताया कि उसने यह कार ओखला निवासी देवेंद्र को बेच दी थी। देवेंद्र ने कार को आगे अंबाला में एक तीसरे व्यक्ति को बेचा, जिसने बाद में इसे पुलवामा निवासी तारिक को दे दिया। पुलिस अब इस पूरी खरीद-बिक्री की कड़ी की जांच कर रही है, क्योंकि वर्ष 2019 में पुलवामा में इसी तरह एक कार विस्फोट में 40 जवान शहीद हुए थे।
कोतवाली पुलिस स्टेशन में इस घटना के संबंध में गैरकानूनी गतिविधियाँ (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 16, 18 के साथ-साथ विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि मामले की जांच कई एजेंसियां मिलकर कर रही हैं।
विस्फोट में घायल लोगों को लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर है, जबकि कई को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और राहत कार्य जारी हैं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा — “लाल किले के पास हुई कार विस्फोट की घटना अत्यंत पीड़ादायक और चिंताजनक है। इस हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों। सभी प्रभावितों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है। दिल्ली पुलिस, एनएसजी, एनआईए और एफएसएल की टीमें मिलकर घटना की गहन जांच कर रही हैं। मैं सभी दिल्लीवासियों से अपील करती हूँ कि अफवाहों से बचें और शांति बनाए रखें।”
फिलहाल एनआईए, एफएसएल और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम मौके से साक्ष्य एकत्र कर रही है। धमाके के पीछे की साजिश और संभावित नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



