लव मैरिज का खूनी अंत: पति ने पत्नी को गोली मारी, फिर खुद को उड़ा लिया; तीन बेटियों के सिर से उठ गया मां-बाप का साया

Sunday, October 12, 2025 - 19:09
Updated: 12 months ago
0
लव मैरिज का खूनी अंत: पति ने पत्नी को गोली मारी, फिर खुद को उड़ा लिया; तीन बेटियों के सिर से उठ गया मां-बाप का साया

फतेहपुर (आरएनआई) गाजीपुर थाना क्षेत्र के लमेहटा गांव में रविवार तड़के करीब तीन बजे एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना ने जन्म लिया, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। घरेलू विवाद की आग में जल रहे एक युवक ने पहले अपनी पत्नी को तमंचे से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया फिर उसी तमंचे से अपनी जिंदगी भी खत्म कर ली। इस भयावह घटना ने दंपति की तीन मासूम बेटियों को अनाथ छोड़ दिया और गांव में मातम का माहौल छा गया।
 
लमेहटा गांव निवासी मुकेश निषाद (36 वर्ष) का विवाह वर्ष 2019 में गुड़िया (27 वर्ष) के साथ हुआ था। विवाह के बाद तीन बेटियां प्रियांशी (5 वर्ष), दिव्यांशी (3 वर्ष) व जियांशी (8 माह) ने जन्म लिया। विवाह के बाद युवक रोजगार के लिए दिल्ली चला गया। चर्चा है कि इसी बीच मृतका गुड़िया का पड़ोसी युवक से प्रेम संबंध हो गया। जिसको लेकर दंपति के बीच आए दिन कलह होती थी। कुछ दिन पूर्व मुकेश निषाद दिल्ली से लौटकर घर आया था। करवा चौथ के दिन भी दोनों के बीच विवाद हुआ। जिसके बाद शनिवार की रात मानसिक तनाव में मुकेश ने अपनी पत्नी गुड़िया को तमंचे से गोली मार दी और खुद को भी गोली से उड़ा लिया। ग्रामीणों को घटना की भनक नहीं लगी। सबसे छोटी बेटी जियांशी के रोने की आवाज ने पड़ोसियों की नींद तोड़ी। सुबह के सन्नाटे में बच्ची के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी घर की ओर दौड़े। वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। मुकेश और गुड़िया खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। तमंचा मुकेश के हाथ के पास पड़ा था। पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गांव में सनसनी फैल गई। मुकेश के दो भाई मुखलाल और नरेश भी दिल्ली में रहकर काम करते हैं, जबकि मुकेश परिवार में मंझला भाई था। गाजीपुर थाना पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और तमंचे सहित अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लिया है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे घरेलू विवाद और मुकेश की मानसिक स्थिति से जोड़कर देख रही है। गांव में इस घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। 

तीन मासूम बेटियों का भविष्य अधर में
इस त्रासदी ने सबसे ज्यादा दुखद स्थिति तीन मासूम बेटियों की पैदा कर दी है। प्रियांशी, दिव्यांशी और जियांशी अब न केवल माता-पिता के प्यार से वंचित हो गई हैं, बल्कि उनका भविष्य भी अनिश्चितता के अंधेरे में डूब गया है। 

सभी पहलुओं पर होगी जांच: एसपी 
पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने कहा कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और मुकेश की मानसिक स्थिति इस त्रासदी का कारण प्रतीत हो रही है। जांच अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पहलुओं चाहे वह मानसिक स्वास्थ्य हो, पारिवारिक विवाद हो, या अन्य कोई कारण उसकी गहन पड़ताल की जाए।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User