राहुल गांधी का बड़ा आरोप: "महादेवपुरा में 1 लाख वोट चुराए गए, ऐसा पूरे देश में हो रहा है"
नई दिल्ली (आरएनआई) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 2024 के आम चुनाव में बड़े पैमाने पर चुनावी धांधली का आरोप लगाते हुए कहा है कि कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख से अधिक वोट चुराए गए। उन्होंने दावा किया कि यह केवल एक क्षेत्र नहीं, बल्कि देशभर में फैला संगठित चुनावी अपराध है, जिसमें चुनाव आयोग की भूमिका संदिग्ध है।
राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह आरोप कोई सामान्य बयान नहीं, बल्कि 30-40 लोगों की छह महीने की जांच पर आधारित है। उन्होंने सबूतों के साथ दिखाया कि बीजेपी को फायदा पहुंचाने के लिए मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई।
आंकड़ों से किया खुलासा
बैंगलोर सेंट्रल सीट पर कांग्रेस को 6,26,208 और बीजेपी को 6,58,915 वोट मिले—यानि सिर्फ़ 32,707 का अंतर। लेकिन इसके अंतर्गत आने वाली महादेवपुरा विधानसभा सीट पर बीजेपी को 2,29,632 और कांग्रेस को सिर्फ 1,15,586 वोट मिले—मतलब 1,14,046 वोट का भारी अंतर। राहुल गांधी के अनुसार, कम से कम 1,00,250 वोट फर्जी या चोरी किए गए।
वोट चोरी के प्रमुख आरोप:
डुप्लीकेट प्रविष्टियाँ:
11,965 वोटरों के नाम दोहराए गए, कई मामलों में वही नाम अलग-अलग राज्यों में भी मिले।
फर्जी/अमान्य पते:
40,009 प्रविष्टियों में ऐसे पते पाए गए जो अस्तित्व में नहीं हैं या स्पष्ट रूप से फर्जी हैं (जैसे मकान संख्या “#”, “-”, “0”)।
एक पते पर दर्जनों वोटर:
एक कमरे के घर में 80 वोटर दर्ज, शराब की फैक्ट्री में 68 वोटर पंजीकृत।
गायब/अस्पष्ट तस्वीरें:
4,132 प्रविष्टियों में या तो तस्वीर नहीं थी या इतनी अस्पष्ट थी कि पहचान नहीं की जा सकती।
फॉर्म 6 का दुरुपयोग:
33,629 मामलों में फॉर्म 6 का गलत इस्तेमाल।
चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग जानबूझकर सॉफ्ट कॉपी देने से इनकार कर रहा है ताकि डेटा की ऑडिट न हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि सीसीटीवी फुटेज मिटाया गया, ताकि गड़बड़ी के सबूत खत्म किए जा सकें।
देशभर में दोहराई गई रणनीति?
नेता प्रतिपक्ष ने कहा, “महादेवपुरा की यह कहानी देशभर की हकीकत है। बीजेपी ने 25 सीटें 33,000 से भी कम वोटों के अंतर से जीतीं, और यह चुनाव आयोग की मदद से संभव हुआ।”
राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर संसद और अदालतों से निष्पक्ष जांच की मांग की और कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या के समान है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



