गुना में सड़क सुरक्षा पर सख्ती, अतिक्रमण हटाने और फ्लाईओवर की लाइटें एक सप्ताह में चालू करने के निर्देश
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक दुबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्गों से अतिक्रमण हटाने, फ्लाईओवरों की बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें एक सप्ताह में चालू कराने, आरओबी पर सुरक्षा संबंधी कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने तथा वर्षाकाल में सड़कों पर विचरण करने वाले निराश्रित गोवंश को तत्काल गोशालाओं में पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जागरूकता अभियान के साथ प्रभावी चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
आरओबी, अतिक्रमण हटाने और सड़क सुरक्षा कार्यों की समीक्षा
बैठक के प्रारंभ में जय स्तंभ चौराहे से भुल्लनपुरा तिराहे तक आरओबी के दोनों ओर सड़क मरम्मत तथा ब्रिज पर सुरक्षा बैरियर लगाए जाने के कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में एनएचएआई, ग्वालियर द्वारा बताया गया कि संबंधित तहसीलदार के साथ संयुक्त निरीक्षण कर 16 स्थानों से अतिक्रमण हटाया जा चुका है। साथ ही दो खम्मे से फतेहगढ़ तिराहे के मध्य चिन्हित स्थानों से भी शीघ्र अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। एनएचएआई, भोपाल एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को आगामी समिति बैठक से पूर्व अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
वर्षाकाल में सड़कों पर विचरण करने वाले मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कलेक्टर ने मार्ग पर मिलने वाले निराश्रित गोवंश को तत्काल निकटवर्ती गोशालाओं में पहुंचाने तथा उनके लिए चारा-पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस कार्य के लिए एनएचएआई, एसडीएम, संबंधित नगरपालिका एवं जनपद पंचायत को समन्वय स्थापित कर तत्काल कार्रवाई करने के लिए कहा गया।
बैठक में यातायात प्रभारी ने अवगत कराया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-46 के अधिकांश फ्लाईओवरों पर लगी स्ट्रीट लाइटें बंद होने से रात्रि में दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ रही है। इस पर कलेक्टर ने एनएचएआई को एक सप्ताह के भीतर सभी फ्लाईओवरों की लाइटें चालू कराने के निर्देश दिए।
शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने के लिए कलेक्टर ने लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमित एवं प्रभावी चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



