राहत कैंपों से अपने घर के लिए निकले विस्थापितों की सुरक्षा बलों से झड़प, इंफाल में हालात तनावपूर्ण

Nov 24, 2025 - 15:37
 0  135
राहत कैंपों से अपने घर के लिए निकले विस्थापितों की सुरक्षा बलों से झड़प, इंफाल में हालात तनावपूर्ण

इंफाल (आरएनआई) मणिपुर की राजधानी इंफाल में एक बार फिर हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। राहत कैंपों में रह रहे सैकड़ों अंदरूनी तौर पर विस्थापित लोगों ने सोमवार को अपने पैतृक घरों की ओर लौटने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प हुई और स्थिति बिगड़ते ही सुरक्षाबलों को आंसू गैस के गोले दागने पड़े।

यह घटनाएं इंफाल पूर्व जिले के पुंखाओ और डोलैथाबी डैम क्षेत्र में हुईं। जानकारी के अनुसार इकोउ, डोलैथाबी और येंगखुमन इलाकों के विस्थापित लोग राहत शिविरों से घर की ओर निकले थे, लेकिन बीच में सुरक्षा बलों ने उन्हें रोक दिया, जिस पर भीड़ आक्रोशित हो गई।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि राज्य में संगाई महोत्सव आयोजित किया जा रहा है, जिससे सरकार दावा कर रही है कि हालात सामान्य हैं। ऐसे में उन्हें भी घर लौटने की अनुमति दी जानी चाहिए। एक प्रदर्शनकारी एस. कुमारजीत मीतै ने कहा, “हममें से ज्यादातर किसान हैं। घर छोड़ने के बाद हमारी रोजी-रोटी छिन गई है। अगर राज्य सामान्य है, तो हमें घर जाने से क्यों रोका जा रहा है?”

स्थिति बिगड़ते ही दागे गए आंसू गैस के गोले
सूत्रों के अनुसार स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब गुस्साई भीड़ संवेदनशील क्षेत्रों की ओर बढ़ने लगी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इकोउ, डोलैथाबी और येंगखुमन इलाके पहाड़ी भाग में आते हैं और कुकी-बहुल कांगपोकपी जिले से सटे हैं। 2023 में इन्हीं इलाकों में सबसे अधिक जातीय हिंसा दर्ज की गई थी।

2023 की हिंसा में 260 से अधिक मौतें
बता दें कि मई 2023 से मणिपुर में मैतेई और कुकी-जो समुदायों के बीच जारी जातीय संघर्ष में अब तक 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। हजारों परिवार बेघर होकर राहत कैंपों में रह रहे हैं और स्थिति अभी भी सामान्य होने की प्रतीक्षा में है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.