यूपी में मतदाता सूची पर उठे सवाल: कई जिलों में भारी पैमाने पर डुप्लीकेट नाम, पूरनपुर में सबसे ज्यादा दोहराव
लखनऊ (आरएनआई) उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर डुप्लीकेट नाम दर्ज होने का मामला सामने आया है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, कई जिलों और ब्लॉकों में एक ही मतदाता का नाम दो से तीन बार सूची में दर्ज पाया गया है। इस स्थिति ने मतदाता सूची की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे चौंकाने वाला मामला पीलीभीत जिले के पूरनपुर ब्लॉक का है, जहां 97,027 मतदाताओं के नाम दोहराए गए हैं। इसी तरह वाराणसी के आराजीलाइंस (77,947) और पिंडरा (70,940), गाजीपुर के सैदपुर (71,170), कुशीनगर के पडरौना (63,798), जौनपुर के शाहगंज सोंधी (62,890) और हापुड़ ब्लॉक (61,927) में भी बड़ी संख्या में डुप्लीकेट मतदाता पाए गए हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि ये दोहराव केवल एक या दो जिलों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि राज्यभर के कई ब्लॉकों में हजारों की संख्या में एक ही नाम, पिता का नाम और लिंग वाले मतदाता सूची में दर्ज मिले हैं। आयोग के उच्चपदस्थ सूत्रों का कहना है कि यदि इस पर ईमानदारी से जांच की जाए, तो करीब 50 लाख डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा सकते हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग ने दो महीने पहले ही ब्लॉकवार डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची जिलों को भेज दी थी और निर्देश दिया था कि इन त्रुटियों को सुधारने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाए। अधिकारियों का कहना है कि मतदाता सूचियों को दुरुस्त करने की यह प्रक्रिया किसी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से कम नहीं होगी।
प्रदेश में कुल 826 विकास खंड (ब्लॉक) हैं, जिनमें से 108 ब्लॉकों में डुप्लीकेट मतदाताओं की संख्या 40,000 से अधिक है। छोटे-बड़े ब्लॉकों में मतदाताओं की कुल संख्या एक से दो लाख के बीच होती है, ऐसे में इतनी बड़ी संख्या में दोहराव चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
सर्वाधिक डुप्लीकेट मतदाताओं वाले प्रमुख ब्लॉक
पूरनपुर (पीलीभीत) — 97,027
आराजीलाइंस (वाराणसी) — 77,947
सैदपुर (गाजीपुर) — 71,170
पिंडरा (वाराणसी) — 70,940
पडरौना (कुशीनगर) — 63,798
शाहगंज सोंधी (जौनपुर) — 62,890
हापुड़ (हापुड़) — 61,927
नजीबाबाद (बिजनौर) — 61,614
सादात (गाजीपुर) — 61,100
चुनावी विशेषज्ञों का कहना है कि अगर इस तरह के दोहराव समय रहते नहीं हटाए गए, तो आगामी पंचायत चुनावों में फर्जी मतदान की संभावना बढ़ सकती है। आयोग ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि मतदाता सूची में दर्ज डुप्लीकेट नामों की शिनाख्त कर उन्हें तुरंत हटाया जाए, ताकि पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित हो सके।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



