यूपी में कोडीन सिरप से फैला नशे का जाल, नेपाल और बांग्लादेश तक पहुंची सप्लाई
लखनऊ (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश में कोडीन युक्त कफ सिरप के जरिए नशे का संगठित नेटवर्क फैला दिया गया है। लखनऊ से पकड़े गए सिरप के जखीरे की जांच में खुलासा हुआ है कि इनकी सप्लाई न केवल प्रदेश के कई जिलों तक सीमित रही, बल्कि नेपाल और बांग्लादेश तक फैली हुई है। जांच में सामने आया कि ये दवाएं सीमावर्ती जिलों के रास्ते नेपाल भेजी गईं, जबकि पश्चिम बंगाल के जरिये इनकी सप्लाई बांग्लादेश तक पहुंचाई गई।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) की जांच में यह पूरा नेटवर्क उजागर हुआ है। विभाग की टीम ने जब जिलेवार छानबीन की तो पता चला कि लखनऊ स्थित दो फार्मास्युटिकल कंपनियां — अर्पिक फार्मास्युटिकल और ईधिका लाइफसाइंसेज — इस नेटवर्क के केंद्र में थीं। दोनों फर्मों ने अवैध बिलों और फर्जी लाइसेंस नंबरों के जरिए कोडीन युक्त सिरप की बड़ी खेप विभिन्न जिलों और राज्यों में सप्लाई की। कई फर्में तो कागजों पर ही मौजूद थीं, जिनका वास्तविक अस्तित्व नहीं पाया गया।
जांच में सामने आया कि इन कंपनियों ने दवाओं की आपूर्ति उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में की थी। बिहार के रास्ते यह सिरप नेपाल तक पहुंचाया गया, जबकि पश्चिम बंगाल से बांग्लादेश में इसकी तस्करी की गई। अधिकारियों के मुताबिक, कंपनी से जब आपूर्ति बिलों के सत्यापन के लिए जवाब मांगा गया, तो उसने कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया।
लखनऊ मंडल के सहायक आयुक्त ब्रजेश कुमार ने बताया कि दस्तावेजों की जांच में फर्जी बिल, काल्पनिक लाइसेंसधारी और गलत लाइसेंस नंबर के उपयोग के साक्ष्य मिले हैं। इससे पहले भी इन फर्मों के खिलाफ कोडीनयुक्त सिरप को नशे के तौर पर बेचने के मामले सामने आ चुके हैं। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि सिरप को औषधि के रूप में नहीं, बल्कि नशे के रूप में प्रयोग किया जा रहा था और इसके पीछे एक संगठित गिरोह काम कर रहा है।
संदिग्ध मेडिकल स्टोर्स की सघन जांच जारी
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि पूरे प्रदेश में इस नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। जिन राज्यों में इन दवाओं की आपूर्ति के सबूत मिले हैं, वहां की एजेंसियों को भी सूचित किया गया है। अब तक 115 नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके हैं, 16 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा 25 मेडिकल स्टोर्स पर कोडीनयुक्त सिरप और नॉरकोटिक औषधियों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई प्रदेशभर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान की दिशा में एक बड़ी सफलता है। प्रशासन का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति तक पहुंचने और अवैध सप्लाई चेन को पूरी तरह खत्म करने के लिए जांच तेज की गई है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



