महागठबंधन की संयुक्त प्रेस वार्ता: सहनी बोले – “भाजपा को जब तक तोड़ेंगे नहीं, तब तक छोड़ेंगे नहीं”
पटना (आरएनआई) – बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन ने आज पटना के एक बड़े होटल में संयुक्त प्रेस वार्ता की, जिसमें कांग्रेस, राजद, वाम दल, वीआईपी और आईआईपी के शीर्ष नेता एक साथ मंच पर नज़र आए। महागठबंधन ने दावा किया कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और बिहार में “परिवर्तन की हवा” चल रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने तीखे अंदाज में कहा, “हम पिछले साढ़े तीन साल से इस दिन का इंतजार कर रहे थे। हमने प्रण लिया था कि जब तक भाजपा को तोड़ेंगे नहीं, तब तक छोड़ेंगे नहीं। अब वह समय आ गया है, बिहार की जनता भाजपा को खदेड़ने जा रही है।”
तेजस्वी–गहलोत की बंद कमरे में बातचीत
वार्ता शुरू होने से पहले राजद नेता तेजस्वी यादव और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बंद कमरे में मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच सीट बंटवारे, प्रचार रणनीति और चुनावी मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके बाद दोनों नेता प्रेस वार्ता में पहुंचे।
गहलोत ने प्रेस से कहा, “लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव के साथ हमारी बहुत अच्छी बातचीत हुई है। महागठबंधन एकजुट होकर चुनाव लड़ रहा है। बिहार की जनता बदलाव चाहती है और हम वही बदलाव देने आए हैं।”
पोस्टर विवाद से सियासत गरमाई
प्रेस वार्ता से पहले एक पोस्टर को लेकर विवाद छिड़ गया। पोस्टर में केवल नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की तस्वीर दिखाई दे रही थी। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी की तस्वीर गायब होने पर सवाल उठाए।
कांग्रेस नेता उदित राज ने पलटवार करते हुए कहा, “राहुल गांधी ही बिहार में महागठबंधन के प्रचार का नेतृत्व करेंगे। पोस्टरों से निष्कर्ष निकालना जल्दबाज़ी होगी, सही समय आने पर जवाब मिलेगा।”
भाकपा (माले) के नेता दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा,
“मुख्यमंत्री तो एक ही होता है, और जनता उसी को चुनेगी जो उनके मुद्दों की बात करेगा।”
सीट बंटवारा और फ्रेंडली फाइट
बिहार की 243 सीटों पर महागठबंधन ने कुल 254 उम्मीदवार उतारे हैं –
राजद: 143 सीट
कांग्रेस: 60 सीट
भाकपा (माले): 20 सीट
वीआईपी: 15 सीट
सीपीआई: 9 सीट
सीपीएम: 4 सीट
आईआईपी: 3 सीट
करीब 12 सीटों पर “फ्रेंडली फाइट” की स्थिति बनी हुई है। कुछ जगहों पर नामांकन वापस भी लिए गए हैं – जैसे लालगंज में कांग्रेस प्रत्याशी आदित्य राजा ने राजद उम्मीदवार शिवानी शुक्ला के पक्ष में नाम वापस लिया।
कांग्रेस 10 सीटों पर सहयोगी दलों के खिलाफ
कांग्रेस जिन 60 सीटों पर लड़ रही है, उनमें से 10 सीटों (वारसिलीगंज, नरकटियागंज, कहलगांव, सुल्तानगंज, वैशाली, सिकंदरा, बछवाड़ा, बिहारशरीफ, करगहर, राजापाकड़) पर उसके सामने राजद, सीपीआई या वीआईपी के उम्मीदवार हैं।
चुनावी एजेंडा: जनता के मुद्दे बनाम भाजपा का रिपोर्ट कार्ड
कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्ण अल्लावरू ने कहा, “हमारी रणनीति तय हो चुकी है। कल सब कुछ स्पष्ट कर दिया जाएगा। एनडीए को बताना चाहिए कि पिछले पांच सालों में उन्होंने किया क्या है, जबकि हम बताएंगे कि अगले पांच सालों में बिहार के लिए क्या करेंगे।”
महागठबंधन ने दावा किया कि इस बार जनता रोजगार, शिक्षा और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर वोट करेगी। तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर जीविका दीदियों और संविदा कर्मियों को सरकारी कर्मी का दर्जा दिया जाएगा।
महागठबंधन ने आज के प्रेस वार्ता के ज़रिए यह संदेश दिया है कि अंदरूनी मतभेदों के बावजूद गठबंधन मजबूत है और भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने को तैयार है। बिहार की सियासत में अब मुकाबला स्पष्ट रूप से “महागठबंधन बनाम एनडीए” के रूप में दिखने लगा है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



