भाजपा से हिंदुत्व सीखने की जरूरत नहीं: एसआईआर पर केंद्र पर बरसीं सीएम ममता बनर्जी

Dec 3, 2025 - 17:20
 0  54
भाजपा से हिंदुत्व सीखने की जरूरत नहीं: एसआईआर पर केंद्र पर बरसीं सीएम ममता बनर्जी

कोलकाता (आरएनआई)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मालदा में एंटी-एसआईआर रैली को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल और भारत के लोग अपनी परंपराओं और धर्म का सम्मान स्वयं करते हैं और किसी पार्टी से हिंदुत्व सीखने की आवश्यकता नहीं है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह राज्य में विधानसभा चुनावों से पहले विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) को लागू करवाकर राजनीतिक लाभ उठाना चाहते हैं। उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि मतदाताओं को अस्थिर करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है, लेकिन बंगाल इसका कड़ा जवाब देगा।

ममता बनर्जी ने कहा कि एसआईआर को जिस जल्दबाजी में लागू किया जा रहा है, वह भाजपा की राजनीतिक मंशा को दर्शाता है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तृणमूल कांग्रेस इस प्रक्रिया का विरोध नहीं कर रही है, लेकिन इसे राजनीति के लिए हथियार के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने यह घोषणा भी की कि 12 दिसंबर से पूरे राज्य में ‘मे आई हेल्प यू’ कैंप लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को एसआईआर सुनवाई में सहायता दी जा सके।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सुनाली खातून प्रकरण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सुनाली भारतीय नागरिक होते हुए भी बीएसएफ द्वारा बांग्लादेश भेज दी गईं, जो बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने आश्वस्त किया कि उनके रहते राज्य के किसी भी नागरिक को डिटेंशन कैंप नहीं भेजा जाएगा और न ही किसी को सीमा पार करने के लिए मजबूर किया जाएगा।

रैली के दौरान ममता बनर्जी ने भाजपा पर बंगाल की शांति और लोकतांत्रिक व्यवस्था को बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि बंगाल भाजपा की किसी भी साजिश के आगे झुकने वाला नहीं है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.