चीन के चमगादड़ों में मिले 20 नए वायरस, इंसानों में फैलने का खतरा बढ़ा
चीन के युन्नान प्रांत के चमगादड़ों में 20 नए वायरस मिले, जिनमें से दो निपाह और हेंड्रा वायरस से मिलते-जुलते हैं। ये वायरस चमगादड़ों के गुर्दे में पाए गए हैं और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा हो सकते हैं। वैज्ञानिकों ने आनुवांशिक विश्लेषण से यह खोज की है।
नई दिल्ली (आरएनआई) कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी के बाद वायरसों की उत्पत्ति और उनके पशु स्रोतों पर निगरानी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। अब चीन के दक्षिण-पश्चिमी युन्नान प्रांत से आई एक चौंकाने वाली रिपोर्ट ने वैज्ञानिकों की चिंता को और गहरा कर दिया है। फलों के बागानों में पाए गए चमगादड़ों में वैज्ञानिकों ने 20 नए वायरसों की खोज की है, जिनमें से दो घातक निपाह और हेंड्रा वायरस से मिलते-जुलते हैं। यह खोज एक नई महामारी की चेतावनी भी देती है।
युन्नान इंस्टीट्यूट ऑफ एंडेमिक डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन और दाली विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों की एक टीम ने 10 प्रजातियों के 142 चमगादड़ों का आनुवांशिक विश्लेषण किया। इस विश्लेषण में 20 नये वायरस, एक अज्ञात जीवाणु और एक नया प्रोटोजोआ परजीवी भी पाया गया।
दो वायरसों की संरचना निपाह और हेंड्रा वायरस के आधे से अधिक जीन से मेल खाती है। ये दोनों वायरस पहले भी मानव संक्रमण में अत्यधिक घातक सिद्ध हो चुके हैं। विशेष चिंता की बात यह है कि यह वायरस विशेष रूप से चमगादड़ों के गुर्दे में पाए गए हैं, जो मूत्र उत्पादन से जुड़ा अंग है।
ये चमगादड़ ग्रामीण बागानों में पकड़े गए, जो आबादी वाले गांवों के पास स्थित हैं। इसका अर्थ है कि यदि इन वायरसों में प्रजातियों के बीच संक्रमण की क्षमता है, तो मनुष्य और पालतू जानवर सीधे खतरे में आ सकते हैं। पीएलओएस पैथोजन्स पत्रिका में प्रकाशित इस शोध में चेताया गया है कि वायरस के फैलाव की संभावना को देखते हुए सख्त निगरानी की जरूरत है।
इस अध्ययन में विशेष रूप से दो नए वायरसों की पहचान हुई है युन्नान बैट हेनिपावायरस 1 और 2, जो हेंड्रा और निपाह जैसे हेनिपावायरस के करीबी विकासवादी चचेरे भाई हैं। इनका जीनोम पूर्ण रूप से विश्लेषित किया गया है जो चीन में अपनी तरह की पहली खोज है। हालांकि अभी यह निश्चित नहीं है कि ये वायरस इंसानों में संक्रमण कर सकते हैं या नहीं, लेकिन उनकी संरचनात्मक समानता उन्हें निगरानी की प्राथमिक सूची में रखती है।
यह शोध उस समय आया है जब दुनिया अभी भी कोविड-19 के दंश से उबरने की कोशिश कर रही है। एक ऐसा वायरस जिसकी उत्पत्ति भी चमगादड़ों से जुड़ी बताई गई थी। वुहान लैब लीक थ्योरी को लेकर हुए विवाद के बाद अब हर ऐसी खोज को विशेष गंभीरता से देखा जा रहा है। इस ताजा शोध ने एक बार फिर इस बात की पुष्टि की है कि वायरसों की उत्पत्ति, प्रसार और उनके जूनोटिक ट्रांसफर पर वैज्ञानिक निगरानी बेहद अहम है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



