चक्रवात ‘मोंथा’ से आंध्र प्रदेश और ओडिशा में तबाही: भारी बारिश, तेज हवाएं और भूस्खलन; केंद्र ने दी हरसंभव मदद का भरोसा

Oct 29, 2025 - 11:05
 0  486
चक्रवात ‘मोंथा’ से आंध्र प्रदेश और ओडिशा में तबाही: भारी बारिश, तेज हवाएं और भूस्खलन; केंद्र ने दी हरसंभव मदद का भरोसा

नई दिल्ली (आरएनआई): गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ मंगलवार रात आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद धीरे-धीरे कमजोर पड़ गया, लेकिन इसके असर से तटीय इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। वहीं, ओडिशा के गजपति जिले में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। राहत की बात यह है कि प्रशासन ने समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया, जिससे किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।

आंध्र प्रदेश सरकार ने सभी प्रभावित जिलों में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं और हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोग तुरंत मदद ले सकें।

ओडिशा में भूस्खलन, 10 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी ने बुधवार को विशेष राहत आयुक्तालय के नियंत्रण कक्ष का दौरा किया और चक्रवात की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा, “ओडिशा वर्तमान में किसी बड़े खतरे में नहीं है। हमारी टीमें पूरी तरह तैयार हैं और प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों की विशेष देखभाल की जा रही है। राज्य सरकार ने स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है और अगले 24 घंटों तक हालात पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

गजपति जिले की अधिकारी मधुमिता ने बताया कि रातभर राहत एवं बचाव कार्य जारी रहे। “लगातार बारिश से कई जगहों पर भूस्खलन हुआ, लेकिन हमने सुबह तक सभी संवेदनशील स्थान खाली करा दिए। अब तक 10 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। हमारा लक्ष्य ‘शून्य जनहानि’ का है।”

आंध्र प्रदेश में तूफान की रफ्तार 110 किमी/घंटा तक पहुंची
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मंगलवार रात से बुधवार सुबह के बीच चक्रवात मोंथा आंध्र प्रदेश के मध्य तटीय हिस्से से टकराया। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा, जबकि झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई।

आईएमडी ने पहले ही चेतावनी दी थी कि चक्रवात के लैंडफॉल के बाद यह लगभग छह घंटे तक मजबूत स्थिति में रहेगा और फिर धीरे-धीरे कमजोर होगा।

राज्य सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
प्रभावित जिलों में सहायता के लिए नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं:

चित्तूर: 08572-242777, 9491077325
नेल्लोर: 0861-2331261, 7995576699
काकीनाडा: 0884-2356801
बापटल: 0863-2234014
गुंटूर: 0864-3220226
वाईएसआर कडपा: 08562-246344

केंद्र ने दी मदद का आश्वासन
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की है। केंद्र ने राज्यों को हरसंभव सहायता और राहत संसाधन मुहैया कराने का भरोसा दिया है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.