गोगामेड़ी जा रहे श्रद्धालुओं से भरी बस पर कहर, ट्रक की टक्कर में 11 की मौत
ट्रैक्टर-टॉली में सवार 67 श्रद्धालु कासगंज से राजस्थान के हनुमानगढ़ स्थित गोगामेड़ी जाहरवीर बाबा के मंदिर जा रहे थे। श्रद्धालुओं ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को बुलंदशहर के घटाल गांव के पास कुछ देर के लिए रोका था।इसी दौरान अलीगढ़ की ओर से आ रहे कंटेनर ने मौत बनकर ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
बुलंदशहर (आरएनआई) बुलंदशहर में राष्ट्रीय राजमार्ग 34 पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक की भीषण टक्कर से 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 45 घायल हो गए। हादसा अरनिया बाईपास के निकट रविवार देर रात करीब पौने दो बजे हुआ। 42 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है जबकि दो की हालत गंभीर है।
तेज रफ्तार ट्रक ने खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मारी, जिससे वह पलट गई। ट्रैक्टर-टॉली में सवार 67 श्रद्धालु कासगंज से राजस्थान के हनुमानगढ़ स्थित गोगामेड़ी जाहरवीर बाबा के मंदिर जा रहे थे। ट्रॉली में जाली, बांस व लकड़ी के फट्टे लगाकर बैठने के लिए ऊपर और नीचे दो हिस्से बनाए गए थे। श्रद्धालुओं ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को घटाल गांव के पास कुछ देर के लिए रोका था। ट्रक की टक्कर से ट्रॉली कुछ दूर तक घिसटने के बाद पलट गई। कुछ श्रद्धालु ट्रॉली के नीचे दब गए तो कुछ दूर जाकर गिरे। आरोपी ट्रक चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां 8 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया और तीन ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
कासगंज के रफातपुर गांव निवासी मूलचंद ने बताया कि हर साल की तरह ग्रामीण गोगामेड़ी, जाहरवीर बाबा मंदिर में पूजा करने जा रहे थे। रविवार शाम 7 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली तैयार की गई। रफातपुर, मिलकिनिया, बसंतनगर, नगला बिहारी और भैंसोड़ा बुजुर्ग गांव के 22 बच्चों समेत कुल 67 श्रद्धालु सफर पर निकले थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की है।
कुछ देर पहले ही तो सभी गोगा जी महाराज की जयकार कर रहे थे और खाना भी खाया था। अरनिया के गांव घटाल के पास कुछ श्रद्धालुओं ने लघुशंका के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली रुकवाई थी। इसके कुछ ही सेकंड में अलीगढ़ की ओर से आ रहे कंटेनर ने मौत बनकर ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। ट्रैक्टर-ट्रॉली करीब 20 मीटर तक घिसटते हुए चली गई। हादसे की यह भयावहता बताते हुए जिला अस्पताल में भर्ती सुरेंद्र अचेत हो गए।
कासगंज से रविवार शाम करीब सात बजे निकले श्रद्धालुओं को करीब 520 किलोमीटर का सफर तय करना था। सभी श्रद्धा से सराबोर थे। बाबा की जात लगाने व दर्शन करने के लिए उत्सुक थे। उन्हें घर से निकले हुए करीब साढ़े छह घंटे का समय ही बीता था। सफर करीब 120 किलोमीटर का ही पूरा हुआ था। तभी कुछ श्रद्धालुओं ने हाईवे किनारे घटाल गांव के पास लघुशंका के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली को रुकवा लिया। करीब आठ-दस लोग नीचे उतरे थे, बाकी लोग बैठे और सोते रहे। अधिकतर सो रहे थे या नींद की झपकी में थे और कुछ भजन गुनगुना रहे थे। कुछ सेकंड में अलीगढ़ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ने ट्रॉली को टक्कर मार दी।
दोनों के टकराते ही तेज आवाज हुई और कंटेनर ट्रैक्टर-ट्रॉली को करीब 20 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दब गए और कुछ सड़क पर इधर-उधर गिर गए। जब तक श्रद्धालु कुछ समझ पाते सभी लोग खून से लथपथ थे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



