कलेक्टर ने किया शहर के विकास कार्यों का निरीक्षण, स्वच्छता का दिया संदेश
गुना (आरएनआई) शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण करने के लिए कलेक्टर ने शनिवार को शहर का दौरा किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सबसे पहले सेल्फी प्वाइंट पीजी कॉलेज का निरीक्षण किया, इसके बाद स्थानीय स्टेडियम पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर नवाचार करने के निर्देश मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए। इसी क्रम में जब वे हरिपुर रोड बूढ़े बालाजी, वार्ड नंबर 9 पहुंचे, तो उन्होंने एक दुकान के सामने पडे़ कचरे को खुद उठाकर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कचरा न फैलाएं और गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग कर निर्धारित स्थान पर डालें। उन्होंने कहा कि शहर हमारा है और इसको स्वच्छ रखने की भी जिम्मेदारी हम सभी की है। हम न खुद कचरा फैलाएंगे और अगर कोई दूसरा कचरा फैलाता है तो उसको रोकेंगे-टोकेंगे और एक जिम्मेदार नागरिक होने का फर्ज निभाएंगे।
इसके बाद कलेक्टर ने सकतपुर स्थित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाए तथा सभी कार्य व्यवस्थित रूप से पूरे हों।
निरीक्षण के क्रम में कलेक्टर जज्जी बस स्टैंड स्थित ‘रैन बसेरा’ पहुंचे, जहां उन्होंने आश्रय गृह की व्यवस्थाओं और वहां उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद नए बस स्टैंड के लिए संभावित स्थान का निरीक्षण किया, जिसमें ट्रांसपोर्ट नगर के पीछे और मुख्य सड़क के सामने की जगहों को देखा गया।
अंत में, कलेक्टर निर्माणाधीन ऑडिटोरियम पहुंचे और वहां चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्य तय समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
आज इस अवसर पर अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मान सिंह ठाकुर, तहसीलदार गुना, तहसीलदार गुना ग्रामीण कमल सिंह मण्डेलिया, मुख्य नगर पालिका अधिकारी तेज सिंह यादव सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



