12.43 करोड़ की संपत्ति बरामद, उत्पाद अधीक्षक अनिल कुमार आजाद बोले—मुझे फंसाया गया

Nov 24, 2025 - 10:24
 0  216
12.43 करोड़ की संपत्ति बरामद, उत्पाद अधीक्षक अनिल कुमार आजाद बोले—मुझे फंसाया गया

पटना/औरंगाबाद (आरएनआई)। बिहार में विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए औरंगाबाद के उत्पाद अधीक्षक अनिल कुमार आजाद के पटना, जहानाबाद और औरंगाबाद स्थित चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। शुरुआती जांच में कुल 12.43 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति का खुलासा हुआ है। टीम को तीन बैंक लॉकरों के साथ भारी मात्रा में नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और जमीन-संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले। नकदी की गिनती के लिए नोट गिनने की मशीन भी मंगानी पड़ी।

अनिल कुमार आजाद को विभाग में बेहतर कार्य के लिए तीन मेडल मिल चुके हैं और वे सिर्फ दो माह बाद रिटायर होने वाले थे। लेकिन उससे पहले ही एसवीयू की टीम ने उनके घर, दफ्तर और अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। एसवीयू के अनुसार, अनिल कुमार आजाद पर आरोप है कि सरकारी पदों पर रहते हुए उन्होंने पद का दुरुपयोग कर 1 करोड़ 58 लाख 45 हजार 888 रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित की। जांच के बाद विशेष निगरानी इकाई ने अदालत से वारंट प्राप्त कर तलाशी की कार्रवाई शुरू की।

छापेमारी में अनिल कुमार आजाद के औरंगाबाद स्थित कार्यालय, किराए के आवास, जहानाबाद स्थित निजी घर और पटना के शिवपुरी स्थित आवासीय भवन से जमीन के दस्तावेज, बैंक पासबुक, लेन-देन से जुड़े कागजात और अन्य महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं। कार्रवाई अभी भी जारी है और सूत्रों के अनुसार, और भी जानकारी उजागर होने की संभावना है।

इधर, अनिल कुमार आजाद ने सभी आरोपों को साजिश बताया है। उनका कहना है कि शराब माफियाओं ने बदले की भावना से उनके खिलाफ झूठी शिकायत करवाई है। उन्होंने कहा कि वे पूरी तरह निर्दोष हैं और छापेमारी के दौरान जांच टीम को पूरा सहयोग दिया है। आजाद ने बताया कि उनके भतीजे की शादी थी और बारात से लौटते ही छापेमारी शुरू हो गई। उन्होंने कहा कि विभाग में ईमानदारी और बेहतर कार्य की वजह से उन्हें तीन मेडल मिले हैं और किसी तरह की अवैध कमाई का आरोप निराधार है।

विस्तृत जांच रिपोर्ट का सभी को इंतजार है, जबकि एसवीयू की कार्रवाई अब तीनों जिलों में तेजी से आगे बढ़ रही है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.