फर्जी दूतावास से बरामद डायरी में हर्षवर्धन जैन के काले कारनामों का पर्दाफाश
एसटीएफ के छापे के दौरान फर्जी दूतावास से टीम को एक डायरी बरामद हुई है। इस डायरी में आरोपी हर्षवर्धन के जीवन का लेखाजोखा है।
गाजियाबाद (आरएनआई) कविनगर जैसी पॉश कॉलोनी में फर्जी दूतावास चलाने वाले हर्षवर्धन जैन की जड़े कई सफेदपोश, आपराधिक प्रवृत्ति और विदेशियों से जुड़े हैं। एसटीएफ के छापे के दौरान फर्जी दूतावास से टीम को एक डायरी बरामद हुई है। इस डायरी में आरोपी हर्षवर्धन के जीवन का लेखाजोखा है। कई देशों के लोगों के नाम और फोन नंबर भी लिखे हैं। विदेशों में कितनी कंपनियां हैं और कितने बैंक खाते हैं, पैसों का लेनदेन और निजी जानकारी भी इस डायरी में हर्षवर्धन ने लिख रखे हैं।
स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) के साथ कविनगर पुलिस को पॉश कालोनी में फर्जी दूतावास पर छापे के दौरान हर्षवर्धन की लिखी डायरी बरामद हुई है। इस डायरी में दो दर्जन से अधिक स्थानीय लोगों के नाम और नंबर हैं। इनमें से कुछ सफेदपोश और कुछ ऐसे आपराधिक प्रवृत्ति के लोग हैं जो धोखाधाड़ी के मामले में जेल जा चुके हैं। डायरी में हर्षवर्धन जैन और उनकी पत्नी डिंपल जैन के बैंक अकाउंट की भी जानकारी मिली है।
साथ ही विदेशियों के नाम, नंबर, देश और पता आदि भी दर्ज हैं। माना जा रहा है कि यह डायरी हर्षवर्धन को लंबे समय तक जेल में रखने में सहायक साबित होगी। इसमें मिली तमाम जानकारी खुद हर्षवर्धन ने लिखी हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो हर्षवर्धन द्वारा विदेशों में धोखाधड़ी करने और कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से संबंध उजागर हुए हैं। बैंक अकाउंट से कौन से देश से कितनी धनराशि आई, किसने भेजी इसका भी हवाला इस डायरी में है।
डायरी में किराये के कोठी का भी उल्लेख है। सूत्रों की मानें तो पांच माह पूर्व सुशील अनूप सिंह से 1000 गज की कोठी का किराया 80 हजार रुपये प्रतिमाह तय है। इस एग्रीमेंट में हर्षवर्धन के साले और शहर के एक नामचीन व्यक्ति के हस्ताक्षर हैं। पत्नी डिंपल जैन के खाते से सुशील अनूप सिंह को किए गए किराये के भुगतान का भी विवरण दर्ज है।
हर्षवर्धन की पत्नी डिंपल जैन दिल्ली के चांदनी चौक पर चांदी और उसकी ज्वैलरी का कारोबार करती है। इस डायरी में इसका भी उल्लेख किया गया है। डिंपल जैन के बैंक खाते और लेनदेन का ब्यौरा भी दर्ज है। कविनगर पुलिस अब पत्नी के कारोबार की भी जांच करेगी।
एसटीएफ की टीम ने फर्जी दूतावास चलाने वाले को कविनगर पुलिस के हवाले कर दिया है। इसकी जांच भी कविनगर थाना पुलिस ही करेगी। कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिस पर पुलिस काम कर रही है।
कविनगर में स्थित कोठी संख्या केबी-45 रालोद से दो बार विधानसभा का चुनाव लड़ चुके लोकतंत्र सेनानी स्वर्गीय अनूप सिंह के बेटे सुशील का है। शहर के धनाड्य लोगों में शामिल समाजसेवी सुशील कुमार ने एसटीएफ ने फोन पर पूछताछ की और किराये के एग्रीमेंट लिया। इसके बाद स्थानीय टीम ने कोठी से हर्षवर्धन जैन की राजनयिक सलाहकार की नेम प्लेट हटा दी हैं। कोठी के बाहर लगे विदेशी झंडे भी कविनगर पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं।
छापे के बाद आरोपी हर्षवर्धन जैन की पत्नी डिंपल अपने 14 वर्षीय बेटे को लेकर कोठी का ताला लगाकर रितेश्दारी में रहने चली गई है। पॉश कालोनी में कोठी संख्या केबी-45 से कविनगर पुलिस ने हर्षवर्धन जैन की नेम प्लेट और विदेशी झंडे जब्त कर लिए हैं। इन्हें सुबूत के तौर पर कोर्ट में पेश किया जाएगा। कोठी के बाहर दिनभर मीडियाकर्मी और राहगीरों का तांता लगा रहा। आसपास के लोगों ने हर्षवर्धन जैन के बारे में जानकारी होने से इन्कार किया है।
कविनगर पुलिस हर्षवर्धन को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। मामले के जांच अधिकारी कप्तान सिंह शुक्रवार सीजेएम कोर्ट से अनुमति मांगने के लिए प्रार्थना पत्र लगाएंगे। एसीपी कविनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि फर्जी दूतावास चलाने वाले को पुलिस रिमांड पर लेगी। जिसमें फर्जी दस्तावेज, मोहरें, विदेशी मुद्रा, राजनयिक नंबर प्लेट, कूटरचित दस्तावेजों, एक ही व्यक्ति के दो पैन कार्ड, विदेशी कंपनियों के दस्तावेजों और बरामद की गई 44.70 हजार रुपये की बाबत जानकारी जुटाएगी। इसके साथ ही रुपयों के सोर्सेज की बाबत जानकारी जुटाई जाएगी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



