पश्चिमी विक्षोभ से उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड, दक्षिण में ‘दित्वाह’ के असर से भारी बारिश
नई दिल्ली (आरएनआई)। उत्तर भारत में सर्दी ने पूरी तरह से दस्तक दे दी है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवाओं के प्रभाव से कई राज्यों में तापमान लगातार गिर रहा है। वहीं दक्षिण भारत में चक्रवात ‘दित्वाह’ के अवशेषों के कारण भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है।
देश में मौसम के दो विपरीत हालात देखने को मिल रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार उत्तर पाकिस्तान और आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से उत्तरी पहाड़ियों और मैदानी क्षेत्रों में ठिठुरन और बढ़ जाएगी। हरियाणा सहित कई राज्यों में चक्रवाती प्रसार भी ठंड को और तीखा बना रहा है।
पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। हरियाणा के हिसार में पारा 3.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो मैदानी इलाकों में सबसे कम रहा।
उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और हल्द्वानी में सुबह का तापमान 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। मसूरी, नैनीताल, पौड़ी, टिहरी और चमोली में न्यूनतम तापमान 2 से 6 डिग्री सेल्सियस तक रहा। दिन में हल्की धूप राहत देती है, मगर रातें बेहद सर्द बनी होंगी।
हिमाचल में बढ़ी ठंड — बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी के बाद शीतलहर तेज हो गई है। सोमवार रात ताबो का तापमान सीजन में पहली बार माइनस 8.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शिमला में भी पहली बार पारा 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने 4 और 5 दिसंबर को ऊपरी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।
तापमान में और गिरावट की संभावना
उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 4 दिन न्यूनतम तापमान में 2–3 डिग्री और गिरावट संभावित
मध्य भारत में अगले 48 घंटे स्थिर, उसके बाद गिरावट
पूर्वी भारत में 24 घंटे सामान्य, फिर अगले 4 दिन तापमान 2–3 डिग्री नीचे जा सकता है
घने कोहरे का अलर्ट
आईएमडी के अनुसार—
3 दिसंबर: मणिपुर और मेघालय
3–4 दिसंबर: हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में घना कोहरा
इस दौरान सड़क और हवाई यात्रियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



