गोवा नाइट क्लब हादसा: चार आरोपी छह दिन की पुलिस हिरासत में, तीन अधिकारी निलंबित — क्लब चेन की दो और संपत्तियां भी सील

Dec 8, 2025 - 12:09
 0  135
गोवा नाइट क्लब हादसा: चार आरोपी छह दिन की पुलिस हिरासत में, तीन अधिकारी निलंबित — क्लब चेन की दो और संपत्तियां भी सील

पणजी (आरएनआई)। गोवा के अर्पोरा स्थित नाइट क्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में शनिवार देर रात लगी भीषण आग के मामले में पुलिस ने क्लब प्रबंधन से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया है। अदालत ने इन्हें छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इस घटना में कुल 25 लोगों की जान चली गई थी, जिनमें अधिकांश क्लब कर्मचारी थे। हादसे के बाद सरकार ने कड़ी कार्रवाई शुरू करते हुए क्लब चेन की दो अन्य संपत्तियां भी सील कर दी हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुख्य महाप्रबंधक राजीव मोदक, महाप्रबंधक विवेक सिंह, बार प्रबंधक राजीव सिंघानिया और गेट प्रबंधक प्रियांशु ठाकुर शामिल हैं। आग लगने की प्राथमिक वजह क्लब के भीतर की गई आतिशबाजी मानी जा रही है, जबकि क्लब के पास आग सुरक्षा से संबंधित एनओसी भी नहीं था।

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि क्लब चेन से जुड़े प्रमोटर्स सौरभ लुथरा और गौरव लुथरा की तलाश में पुलिस टीम दिल्ली रवाना हो गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हादसे के दौरान ज्यादातर मौतें दम घुटने से हुईं क्योंकि पीड़ित ग्राउंड फ्लोर और किचन में फंस गए थे। संकरी गलियों और छोटे दरवाजों के चलते बचाव दल को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

हादसे में मारे गए लोगों में उत्तराखंड, झारखंड, असम, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल सहित चार नेपाली नागरिक भी शामिल हैं। सभी शवों को उनके मूल निवास स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। सरकार ने मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। साथ ही, दक्षिण गोवा के कलेक्टर की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है, जो एक सप्ताह में रिपोर्ट सौंपेगी।

सरकार ने इस दुर्घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए तीन वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। इनमें पंचायत के तत्कालीन निदेशक सिद्धि तुषार हरलकर, गोवा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की सदस्य सचिव डॉ. शमीला मोंटेइरो और अर्पोरा-नागोवा ग्राम पंचायत के सचिव रघुवीर बगकर शामिल हैं। इन पर वर्ष 2023 में क्लब को संचालन की अनुमति देने में भारी चूक का आरोप है।

हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। शुरुआत में आग सिलेंडर विस्फोट से लगने की आशंका जताई गई थी, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग पहली मंजिल पर हुए डांस इवेंट के दौरान भड़की, जिसके बाद तेजी से पूरे परिसर में फैल गई।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.