केंद्र का बड़ा फैसला: हर दवा दुकान पर लगेगा क्यूआर कोड और हेल्पलाइन, अब दवा के दुष्प्रभाव की तुरंत कर सकेंगे शिकायत
नई दिल्ली (आरएनआई)। दवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुष्प्रभावों की रिपोर्टिंग को मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब देश की हर रिटेल और होलसेल दवा दुकान पर क्यूआर कोड एवं हेल्पलाइन नंबर 1800-180-3024 अनिवार्य रूप से चस्पा किया जाएगा, जिसके जरिए आम नागरिक दवा के दुष्प्रभाव की शिकायत सीधे दर्ज करा सकेंगे।
दुष्प्रभाव की जानकारी मिलते ही संबंधित जिले के औषधि नियंत्रक अधिकारी को 24 घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। शिकायत सीधे संबंधित राज्य तथा केंद्र के अधिकारियों तक पहुंचेगी, जिससे कार्रवाई और निगरानी की प्रक्रिया तेज हो जाएगी।
केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) ने सभी राज्यों को निर्देश जारी कर त्वरित रूप से दुकानों पर क्यूआर कोड और हेल्पलाइन नंबर लगाने को कहा है। यह कोड दुकानों पर ऐसी जगह लगाना होगा जो ग्राहकों को स्पष्ट रूप से दिखाई दे। लापरवाही बरतने या कोड को कम दिखने वाले स्थान पर लगाने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। ड्रग इंस्पेक्टरों को सख्त निगरानी के आदेश दिए गए हैं।
भारत के दवा महानियंत्रक डॉ. राजीव सिंह रघुवंशी ने कहा कि यह निर्णय भारत में फार्माकोविजिलेंस सिस्टम को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और दवा दुष्प्रभावों की रिपोर्टिंग व्यवस्था को चुस्त बनाना सार्वजनिक स्वास्थ्य की जरूरत है। उन्होंने सभी राज्यों व लाइसेंसधारकों से तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



