हिमाचल-जम्मू-कश्मीर में बारिश-बाढ़ का कहर, कई मौतें; गुजरात-केरल में अलर्ट जारी

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में जोरदार बारिश हो रही है। वहीं, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अभी भी मानसून का इंतजार जारी है। मौसम विभाग ने गुजरात, केरल महाराष्ट्र समेत कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है।

Jun 27, 2025 - 10:54
 0  81
हिमाचल-जम्मू-कश्मीर में बारिश-बाढ़ का कहर, कई मौतें; गुजरात-केरल में अलर्ट जारी

दिल्ली (आरएनआई) दक्षिण-पश्चिम मानसून पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में कहर बरपा रहा है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में जोरदार बारिश हो रही है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अभी भी मानसून का इंतजार जारी है। इस बीच, हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला के खनियारा और कुल्लू के सैंज में पांच जगह बादल फटने के एक दिन बाद राहत एवं बचाव अभियान जारी रहा। इस दौरान खनियारा में मनूणी खड्ड से दो और शव बरामद किए गए, जबकि लापता चार लोगों का सुराग नहीं मिल पाया है। उधर, जम्मू-कश्मीर अलग-अलग घटनाओं में तीन लोग मारे गए और बारिश के साथ मलबा आने से हिमकोटी के रास्ते वैष्णो देवी यात्रा बाधित हो गई है। इस बीच, मौसम विभाग ने गुजरात, केरल महाराष्ट्र समेत कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला के खनियारा और कुल्लू के सैंज में पांच जगह बादल फटने के एक दिन बाद राहत एवं बचाव अभियान जारी रहा। इस दौरान खनियारा में मनूणी खड्ड से दो और शव बरामद किए गए, जबकि लापता चार लोगों का सुराग नहीं मिल पाया है। वहीं, सैंज में फंसे 500 सैलानियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है जबकि कुल्लू के ही बकरथाच और हामटा-छतडू ट्रैक से 81 ट्रैकर को बचाया गया है। 

हिमाचल प्रदेश में बादल फटने के एक दिन बाद दो और शव मिलने से मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। मरने वालों में एक चंबा, एक जम्मू-कश्मीर और दो उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। अभी तक लापता कामगारों में तीन नूरपुर और एक चंबा के सलूणी के बताए जा रहे हैं। 

कुल्लू जिले में सैंज के जीवानाला में बादल फटने लापता नंद लाल (72) उनकी बेटी मूर्ति देवी (15) और नंद लाल की बहन (67) यान दासी का दूसरे दिन भी कोई पता नहीं चल पाया। खनियारा के मनूणी खड्ड स्थित एक निजी हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में काम कर रहे नौ लोग लापता हुए थे। इनमें दो लोगों के शव बुधवार को ही बरामद कर लिए गए थे, जबकि दो बृहस्पतिवार को बरामद किए गए। मृतकों की पहचान चैन सिंह (20) तहसील भाल्ला जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर, आदित्य ठाकुर (35), जिला चंबा हिमाचल और प्रदीप वर्मा (35) निवासी सोहनपुर देवरिया उत्तर प्रदेश और चंदन निवासी सोहनपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

अरुणाचल प्रदेश के बिचोम जिले में भारी बारिश के कारण भूस्खलन में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य लापता हो गया। अधिकारियों ने बताया कि संचुग गांव में हुए इस हादसे में एक और व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है। इसके साथ ही पूर्वोत्तर राज्य में मानसून से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।

राजोरी के कालाकोट के सियाल सुई मुह क्षेत्र में पशु चराने गए भाई-बहन की मौत हो गई। वहीं, डोडा में लोपा नदी में बहे दुनाडी गांव निवासी बशारत हुसैन का शव बृहस्पतिवार को राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम ने बरामद किया। धुंध के कारण कटड़ा-सांझीछत चॉपर सेवा लगातार ठप चल रही है। मैदानी और पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। मूलसलाधार बारिश से कटड़ा समेत भवन मार्ग पर मलबा गिरने से हिमकोटी मार्ग तीसरे दिन सुबह भी बंद कर दिया गया। इस दौरान बैटरी कार सेवा भी बाधित रही। श्रद्धालुओं ने प्राचीन मार्ग से दर्शन किए।

गुजरात के 10 जिलों में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात...गुजरात के नर्मदा, सूरत व तापी समेत कम से कम 10 जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नर्मदा में बृहस्पतिवार सुबह तक 5.98 इंच बारिश दर्ज की गई। वहीं, सूरत और तापी में 5.83 इंच बारिश के कारण कई इलाकों बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए। वडोदरा, नवसारी, महिसागर जिलों में भी कई जगहों पर चार से पांच इंच तक बारिश दर्ज की गई। उधर, अहमदाबाद में भी स्थिति अभी विकराल बनी हुई है। 

केरल : तीन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी...केरल में बृहस्पतिवार को मानसूनी बारिश के जोर पकड़ने से एर्नाकुलम, इडुक्की तथा त्रिशूर जिलों के कुछ निचले इलाके जलमग्न हो गए। तेज हवाओं के कारण राजधानी तिरुवनंतपुरम व कुछ अन्य स्थानों पर होर्डिंग्स गिर गए। आईएमडी ने तीन जिलों एर्नाकुलम, इडुक्की और त्रिशूर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, राज्य के सात अन्य जिलों के लिए शुक्रवार का ऑरेंज अलर्ट जारी किया किया गया है। वायनाड जिले के मुंडक्कई-चूरलमाला क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण चूरलमाला नदी उफान पर है, और बेली ब्रिज के पास नदी के किनारों को क्षति पहुंची है।

महाराष्ट्र : वर्धा में श्मशान घाट में पानी भरने से फंसे लोग...महाराष्ट्र के वर्धा जिले में भारी बारिश के बाद श्मशान घाट में फंसे एक छात्र समेत तीन लोगों को आपदा प्रबंधन और दमकल कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला। जिले के देवली तालुका स्थित डिगदोह गांव में सुबह से ही भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आ गई।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.