मुर्शिदाबाद में नई बाबरी शैली मस्जिद की नींव, निलंबित विधायक हुमायूं कबीर बोले— “कोई ताकत नहीं रोक सकती”
मुर्शिदाबाद (आरएनआई)। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शनिवार को निलंबित तृणमूल कांग्रेस विधायक हुमायूं कबीर ने अयोध्या की बाबरी मस्जिद की तर्ज पर एक नई मस्जिद की नींव रखी। रेजिनगर क्षेत्र में आयोजित समारोह में सुबह से ही हजारों लोग जुटे और मौलवियों की मौजूदगी में विधिवत शिलान्यास किया गया। इस दौरान ‘नारा-ए-तकबीर, अल्लाहु अकबर’ के नारे भी लगाए गए।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। क्षेत्र में पुलिस, आरएएफ और केंद्रीय बलों की बड़ी तैनाती की गई ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न पैदा हो। कबीर ने आरोप लगाया कि शिलान्यास को रोकने की साजिश रची जा रही है, लेकिन वे कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए मस्जिद निर्माण का कार्य पूरा करेंगे।
हुमायूं कबीर को इसी सप्ताह टीएमसी से निलंबित किया गया था। पार्टी ने उनके इस कदम को सांप्रदायिक राजनीति से प्रेरित बताते हुए कार्रवाई की थी। समारोह की घोषणा के बाद ही राजनीतिक प्रतिक्रियाएँ तेज हो गई थीं और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी।
कबीर ने 6 दिसंबर की तारीख इसलिए चुनी, क्योंकि यह बाबरी मस्जिद विध्वंस की वर्षगांठ का दिन है। उन्होंने दावा किया कि इस आयोजन को बाधित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, मगर लाखों लोग इसे विफल कर देंगे। साथ ही कहा कि 2026 के विधानसभा चुनावों में राज्य के 90 क्षेत्रों से मुस्लिम उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे।
हुमायूं कबीर ने जोर देकर कहा कि मस्जिद निर्माण को रोकने की कोशिश करने वालों को कामयाबी नहीं मिलेगी और वे इस प्रोजेक्ट को हर हाल में पूरा करेंगे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



