असम में 472 करोड़ की ड्रग्स नष्ट करने का अभियान शुरू, सीएम सरमा ने रोड रोलर चलाकर दिया सख्त संदेश

Jul 13, 2026 - 14:17
 0  27
असम में 472 करोड़ की ड्रग्स नष्ट करने का अभियान शुरू, सीएम सरमा ने रोड रोलर चलाकर दिया सख्त संदेश

असम सरकार ने राज्य में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 472.51 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की जब्त मादक पदार्थों को नष्ट करने का 10 दिवसीय अभियान शुरू किया है। अभियान की शुरुआत नलबाड़ी जिले से हुई, जहां मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने स्वयं रोड रोलर चलाकर ड्रग्स को नष्ट किया और नशा माफिया के खिलाफ सरकार के कड़े रुख का संदेश दिया।

नलबाड़ी के दौलाशाल स्थित 14वें एपीबीएन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार असम को नशामुक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने बताया कि अगले 10 दिनों में राज्यभर में जब्त की गई सभी ड्रग्स को वैज्ञानिक तरीके से नष्ट किया जाएगा।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि यह अभियान राज्यव्यापी स्तर पर चलाया जा रहा है और इसमें विभिन्न एजेंसियों द्वारा जब्त किए गए मादक पदार्थों का निस्तारण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि केवल सीमा पर बाड़ लगाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। इसके लिए ड्रग्स तस्करी से जुड़े गिरोहों को जड़ से खत्म करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार अवैध मादक पदार्थों की आवाजाही पर नजर रखने, अपराधियों की पहचान करने और उन्हें राज्य की सीमा में प्रवेश करने से पहले ही पकड़ने के लिए मजबूत तंत्र विकसित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि असम सरकार अगले पांच वर्षों तक नशे के खिलाफ अभियान को और तेज करेगी। इस दिशा में अंतरराष्ट्रीय सहयोग भी लिया जाएगा, ताकि ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। उन्होंने दोहराया कि नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ सरकार किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरतेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.