मनरेगा के नाम बदलने पर सियासी घमासान, कांग्रेस 17 दिसंबर को देशभर में करेगी विरोध-प्रदर्शन
नई दिल्ली (आरएनआई)। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) की जगह नए ग्रामीण रोजगार कानून लाने के प्रस्ताव पर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार के इस कदम के खिलाफ 17 दिसंबर को देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन करने का एलान किया है। पार्टी के अनुसार यह प्रदर्शन देशभर के सभी जिला मुख्यालयों पर आयोजित किए जाएंगे।
कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में सभी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों को पत्र लिखकर निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि विरोध-प्रदर्शन के दौरान महात्मा गांधी की तस्वीरें अनिवार्य रूप से रखी जाएं, ताकि गांधीजी के नाम और उनके मूल्यों को मिटाने के प्रयासों के खिलाफ प्रतीकात्मक और सशक्त संदेश दिया जा सके।
कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया ‘विकसित भारत गारंटी – रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ यानी वीबी-जी रैम जी विधेयक, मनरेगा को समाप्त करने की साजिश है। पार्टी का कहना है कि यह कानून गरीबों और ग्रामीण मजदूरों से उनके अधिकार छीनने की दिशा में एक बड़ा कदम है। केसी वेणुगोपाल ने अपने पत्र में लिखा कि यह सिर्फ एक कानून में बदलाव नहीं, बल्कि मजदूरों के अधिकार, संघीय ढांचे और महात्मा गांधी की विरासत पर सीधा हमला है।
उन्होंने इसे भाजपा-आरएसएस की सोची-समझी रणनीति बताते हुए आरोप लगाया कि अधिकार आधारित कल्याणकारी योजनाओं को खत्म कर उन्हें केंद्र सरकार के नियंत्रण वाली ‘चैरिटी’ में बदला जा रहा है। कांग्रेस का मानना है कि इससे राज्यों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा और ग्रामीण रोजगार की गारंटी कमजोर हो जाएगी।
इससे पहले मंगलवार को लोकसभा में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा वीबी-जी रैम जी विधेयक, 2025 पेश किए जाने पर कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों ने जोरदार विरोध दर्ज कराया था। संसद भवन परिसर में विपक्षी सांसदों ने प्रदर्शन कर सरकार के फैसले पर आपत्ति जताई।
केसी वेणुगोपाल ने यह भी घोषणा की कि 28 दिसंबर को कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर हर ब्लॉक और गांव में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से श्रम की गरिमा, सामाजिक न्याय और काम के अधिकार के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई जाएगी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि यह लड़ाई केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि नैतिक भी है और कांग्रेस मनरेगा, गांधीजी की विरासत तथा संविधान द्वारा गरीबों को दिए गए न्याय के वादे की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष जारी रखेगी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



