नजरें सूर्य-शुभमन पर: धर्मसंकट से बचने के लिए धौलाधार के बीच भारत को करना होगा धुआंधार प्रदर्शन

Dec 14, 2025 - 15:25
 0  243
नजरें सूर्य-शुभमन पर: धर्मसंकट से बचने के लिए धौलाधार के बीच भारत को करना होगा धुआंधार प्रदर्शन

धर्मशाला (आरएनआई) धौलाधार पर्वतमाला की गोद में बसे हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) स्टेडियम में रविवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरा टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। पांच मैचों की सीरीज में दोनों टीमें एक-एक जीत के साथ बराबरी पर हैं, ऐसे में यह मैच बढ़त लेने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। खासतौर पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और उपकप्तान शुभमन गिल के प्रदर्शन पर सभी की निगाहें टिकी होंगी, जो लंबे समय से फॉर्म में लौटने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

करीब दस साल बाद धर्मशाला में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 मुकाबला खेल रही भारतीय टीम 2015 में मिली हार का हिसाब बराबर करने के इरादे से उतरेगी। फरवरी-मार्च में भारत-श्रीलंका में होने वाले टी-20 विश्व कप से पहले टीम प्रबंधन के सामने अंतिम एकादश तय करने की चुनौती भी है। विश्व कप से पहले भारत के पास अब केवल आठ टी-20 मुकाबले बचे हैं, जिनमें से तीन मौजूदा सीरीज में और पांच न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जाएंगे। ऐसे में प्रयोग की गुंजाइश कम और प्रदर्शन की जरूरत ज्यादा है।

तीसरे टी-20 में शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा के पारी की शुरुआत करने की संभावना है। दूसरे मैच में अक्षर पटेल को तीसरे नंबर पर भेजने का प्रयोग सफल नहीं रहा था, ऐसे में कप्तान सूर्यकुमार यादव के खुद तीसरे और तिलक वर्मा के चौथे नंबर पर उतरने की उम्मीद है। शुभमन गिल ने शनिवार को नेट्स में बल्लेबाजी के साथ-साथ फील्डिंग पर भी जमकर पसीना बहाया। आत्मविश्वास हासिल करने के लिए उन्हें एक बड़ी पारी की दरकार है।

दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजी आक्रमण में लुंगी नगीदी, एनरिक नॉर्टजे, जेराल्ड कोएत्ज़ी, बार्टमैन और सिपामला जैसे गेंदबाज शामिल हैं। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों को जल्दबाजी से बचते हुए पिच पर टिककर खेलने की जरूरत होगी। वहीं गेंदबाजी विभाग में यह देखना दिलचस्प होगा कि कुलदीप यादव को मौका मिलता है या फिर वरुण चक्रवर्ती को बरकरार रखा जाता है। अगर दोनों स्पिनरों को खिलाया जाता है, तो अक्षर पटेल या शिवम दुबे में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है।

धर्मशाला की परिस्थितियां भी मैच में अहम भूमिका निभा सकती हैं। यहां तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है और ओस के साथ ठंड का असर भी देखने को मिल सकता है। ऐसे हालात में बड़े स्कोर का बचाव आसान नहीं होता। आंकड़े बताते हैं कि यहां खेले गए पिछले पांच रात के टी-20 मुकाबलों में से चार में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को जीत मिली है। भारत ने इस मैदान पर अब तक तीन टी-20 खेले हैं, जिनमें फरवरी 2022 में श्रीलंका के खिलाफ दो मुकाबले जीते, जबकि अक्टूबर 2015 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 199 रन बनाने के बावजूद हार का सामना करना पड़ा था।

दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी भी मजबूत नजर आ रही है। क्विंटन डिकॉक की वापसी से मार्करम, स्टब्स, ब्रेविस, डेविड मिलर, फरेरा और जैसेन के साथ टीम को गहराई मिली है। पिछले मैच में पहली बार जसप्रीत बुमराह के खिलाफ चार छक्के लगे थे, जबकि फरेरा ने उनके एक ओवर में 17 रन बटोर लिए थे। ऐसे में बुमराह को अपने असली रंग में लौटना होगा। वहीं अर्शदीप सिंह से भी सटीक लाइन-लेंथ की उम्मीद होगी, जो पिछले मैच में अतिरिक्त गेंदें फेंकने के साथ काफी महंगे साबित हुए थे।

कुल मिलाकर, धर्मशाला की ठंडी शाम में भारतीय टीम के सामने चुनौती भी बड़ी है और मौका भी। सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल का बल्ला अगर चला, तो भारत न सिर्फ सीरीज में बढ़त बनाएगा, बल्कि विश्व कप से पहले आत्मविश्वास भी हासिल करेगा।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.