तरनतारन उपचुनाव 2025: साढ़े नौ बजे तक 12% मतदान, मतदाताओं में दिखा उत्साह

Nov 11, 2025 - 11:24
 0  81
तरनतारन उपचुनाव 2025: साढ़े नौ बजे तक 12% मतदान, मतदाताओं में दिखा उत्साह

तरनतारन (आरएनआई): पंजाब की तरनतारन विधानसभा सीट पर सोमवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। यह सीट विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद खाली हुई थी। उपचुनाव में कुल 1,92,838 मतदाता 15 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा और इसके लिए 222 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

सुबह साढ़े नौ बजे तक 12 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं, खासकर ग्रामीण इलाकों में लोगों में मतदान को लेकर काफी उत्साह है।

इस सीट पर मुख्य मुकाबला शिरोमणि अकाली दल की सुखविंदर कौर, भारतीय जनता पार्टी के हरजीत सिंह संधू, आम आदमी पार्टी के हरमीत सिंह संधू और कांग्रेस के करणबीर सिंह बुर्ज के बीच है। इसके अलावा वारिस पंजाब दे के उम्मीदवार मंदीप सिंह भी मुकाबले में हैं और वे चुनाव में उलटफेर कर सकते हैं।

सुबह मतदान के दौरान आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू और कांग्रेस प्रत्याशी करणबीर सिंह बुर्ज ने अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान किया। मतदान के बाद दोनों उम्मीदवारों ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

जिला चुनाव अधिकारी राहुल ने बताया कि मतगणना 14 नवंबर को इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ नर्सिंग, पिद्दी में स्थापित ईवीएम स्ट्रांग रूम में की जाएगी। कुल मतदाताओं में 1,00,933 पुरुष, 91,897 महिला और 8 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

तरनतारन बॉर्डर बेल्ट में स्थित संवेदनशील सीट मानी जाती है, इसलिए चुनाव आयोग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। क्षेत्र में केंद्रीय बलों की 12 कंपनियां तैनात की गई हैं, जबकि 46 माइक्रो ऑब्जर्वर मतदान प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।

सुबह के पहले चरण में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और प्रशासन मतदाताओं से अपील कर रहा है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.