गुना पुलिस की प्रभावी कार्यवाहियों की केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने की प्रशंसा
पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी द्वारा नशा, जुआ, सट्टा और मानव तस्करी के विरुद्ध उठाए गए कदमों को बताया सराहनीय
गुना (आरएनआई) जिले के दौरे पर आए भारत सरकार के दूरसंचार मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना पुलिस की हालिया कार्यवाहियों की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि एसपी अंकित सोनी, जिन्होंने हाल ही में जिले में पदभार संभाला है, उन्होंने बहुत ही कम समय में जिले की नब्ज पहचानते हुए नशा, जुआ-सट्टा एवं मानव तस्करी जैसे अपराधों पर प्रभावी शिकंजा कसा है।
श्री सिंधिया ने कहा कि, “गुना पुलिस द्वारा नशे के तस्करों पर की गई सख्त कार्यवाहियां अत्यंत सराहनीय हैं। स्मैक, गांजा और अवैध शराब जैसे नशीले पदार्थों के खिलाफ जिस पैमाने पर कार्यवाही हुई है, उसने समाज के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को सिद्ध किया है। युवाओं को नशे की गर्त से बचाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है।”
इसके अतिरिक्त उन्होंने जिले में जुआ, सट्टा एवं ऑनलाइन आईपीएल सट्टे पर प्रभावी नियंत्रण की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह अपराध समाज को अंदर से खोखला कर रहे थे, और इन पर लगाम लगाने के लिए गुना पुलिस ने जो साहसिक कदम उठाए हैं, वह उल्लेखनीय हैं।
श्री सिंधिया ने गुमशुदा नाबालिगों की बरामदगी एवं उन्हें परिजनों को सकुशल सौंपने की कार्यवाही को भी विशेष रूप से सराहा और कहा कि यह एक मानवीय कार्य है, जो पुलिस की संवेदनशीलता को दर्शाता है।
उन्होंने बंधुआ मजदूरों की रिहाई का उल्लेख करते हुए कहा कि जो मजदूर वर्षों से बंधन में जीवन व्यतीत कर रहे थे, उन्हें मुक्त कराना एक बड़ा सामाजिक कार्य है, जिसके लिए पुलिस प्रशासन बधाई का पात्र है।
श्री सिंधिया ने गुना पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए विश्वास जताया कि जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में यह प्रयास भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता से जारी रहेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



