“कानून सबके लिए समान”: गुना पुलिस का हेलमेट जागरूकता अभियान, 53 कर्मियों पर चला जुर्माना

Dec 4, 2025 - 19:27
Dec 4, 2025 - 19:33
 0  405

गुना (आरएनआई) पुलिस मुख्यालय मध्य प्रदेश के निर्देशानुसार 26 नवंबर से 10 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में विशेष सड़क सुरक्षा एवं यातायात अनुशासन अभियान संचालित किया जा रहा है। इस क्रम में गुना जिले में पुलिस अधीक्षक  अंकित सोनी के दिशा निर्देशन में इस अभियान के तहत सतत एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रहीं हैं।

 इसी तारतम्‍य में आज 04 दिसंबर को यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में यातायात बल के द्वारा प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक व्यापक एवं जन-जागरूकता आधारित वाहन चेकिंग अभियान संचालित किया गया, जिसके तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कलेक्ट्रेट कार्यालय एवं पुलिस लाइन के मुख्य प्रवेश द्वारों पर विशेष चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए गए। जिनमें एसपी ऑफिस मुख्य गेट पर सूबेदार हर्ष यादव, ⁠कलेक्ट्रेट मुख्य गेट पर सूबेदार अविनाश उमरैया एवं पुलिस लाइन मुख्य गेट पर उपनिरीक्षक मुन्नाराम भगत के द्वारा यातायात बल के साथ मिलकर सख्त एवं संवेदनशील कार्यवाही की गईं । इस दौरान कई दो-पहिया वाहन चालक (कर्मचारी) बिना हेलमेट पाए गए।

 हेलमेट न लगाने की यह लापरवाही छोटी दिखती है, पर दुर्घटना की स्थिति में किसी परिवार की खुशी और उम्मीद को हमेशा के लिए बुझा सकती है। इसी भावना के साथ न केवल चालकों को रोका गया, बल्कि समझाइश दी गई कि हेलमेट नियम नहीं जीवन रक्षा का वचन है, जो हर घर में किसी माँ-बाप, पत्नि, बच्चों की प्रतीक्षा, खुशियों और उम्मीदों को सुरक्षित रखता है । चैकिंग के दौरान बिना हेलमेट पाये गये 53 चालकों (कर्मचारियों) के विरूद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्यवाही कर 15,000/-रूपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया ।

अभियान के दौरान यह भी स्पष्ट संदेश दिया गया कि कानून सबके लिए समान है, चाहे पुलिसकर्मी हो या सरकारी अधिकारी, कर्मचारी या फिर आम नागरिक हो । भविष्य में कोई भी सरकारी या निजी संस्थान का कर्मचारी यदि बिना हेलमेट वाहन चलाते पाया जाएगा, तो उसके विरुद्ध भी समान कठोरता से वैधानिक कार्यवाही की जाएगी ।

 अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि समाज में यह भावना स्थापित करना है कि हर परिवार मूल्यवान है और सड़क सुरक्षा हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। गुना पुलिस की सड़क सुरक्षा जागरूकता की यह पहल आगे भी और अधिक दृढ़ संकल्प व संवेदनशीलता के साथ जारी रहेगी ।

 ।। सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा ।।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0