ISO प्रमाणन पर कलेक्टर का संदेश: पारदर्शी जनसेवा और टीम वर्क से बनेगी बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
आईएसओ 9001 प्रमाणपत्र उपलब्धि पर अधिकारियों को दी बधाई
बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने गुना कलेक्ट्रेट एवं एसडीएम कार्यालय को उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यप्रणाली एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकीकरण संगठन (आईएसओ) का आईएसओ 9001 प्रमाणपत्र प्राप्त होने पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिला प्रशासन की टीम भावना, समर्पण एवं सतत उत्कृष्ट कार्य का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आईएसओ प्रमाणन प्राप्त करने के लिए निर्धारित सभी मानकों एवं प्रक्रियाओं का गंभीरता से पालन किया गया। कार्यालयीन व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार किए गए, अभिलेखों को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखा गया तथा कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाया गया। उन्होंने कहा यह प्रमाणपत्र केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि भविष्य में और बेहतर सेवाएं देने की जिम्मेदारी भी है। जिला प्रशासन का प्रमुख उद्देश्य आमजन को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है तथा आईएसओ प्रमाणन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
कार्यालयों में सुव्यवस्थित व्यवस्था एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश
कलेक्टर श्री कन्याल ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि कार्यालयों में प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी पहचान-पत्र अनिवार्य रूप से धारण करें। सभी टेबलों पर नाम-पट्टिका, शाखा का स्पष्ट उल्लेख तथा शासन की प्रमुख योजनाओं का सुव्यवस्थित प्रदर्शन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यालय परिसरों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा आम नागरिकों को बेहतर एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
गेल टैंकर दुर्घटना में त्वरित कार्रवाई की सराहना
बैठक में कलेक्टर ने विगत दिवस रुठियाई मुख्य मार्ग पर गेल के गैस टैंकर में आग लगने की घटना के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित विभागों द्वारा समन्वित रूप से किए गए राहत एवं बचाव कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सूचना प्राप्त होते ही सभी विभागों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आपसी समन्वय से कार्य किया और लगभग एक घंटे के भीतर स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर लिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की आपात परिस्थितियों में टीम वर्क एवं त्वरित निर्णय ही सबसे बड़ी सफलता का आधार होते हैं।
प्रत्येक पंचायत में तालाब निर्माण एवं संरक्षण की बने कार्ययोजना
जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर श्री कन्याल ने जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम एक तालाब के निर्माण अथवा संरक्षण की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां पूर्व से तालाब उपलब्ध हैं, उनका संरक्षण एवं गहरीकरण कराया जाए। जिन क्षेत्रों में खनन पट्टे स्वीकृत नहीं हैं, वहां भी तालाब निर्माण की संभावनाओं का परीक्षण किया जाए। साथ ही जिले में स्थापित होने वाले बड़े औद्योगिक एवं विकास परियोजनाओं के सहयोग से भी तालाब निर्माण कराया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा जल को रोकने के लिए वैज्ञानिक ढंग से जल संरचनाओं का निर्माण कराया जाए, जिससे भू-जल स्तर में वृद्धि, पेयजल उपलब्धता तथा सिंचाई सहित अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित हो सके।
वर्षा ऋतु में पुल-पुलियों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश
कलेक्टर ने वर्षा ऋतु के दौरान क्षतिग्रस्त अथवा जलभराव प्रभावित पुल-पुलियों के संबंध में आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी स्थलों का चिन्हांकन कर वहां चेतावनी एवं सूचना बोर्ड लगाए जाएं तथा जलभराव की स्थिति में संबंधित ग्रामों के कोटवारों की तैनाती कर आमजन को सुरक्षित आवागमन के लिए सतर्क किया जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को जिले की सभी क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों का सर्वेक्षण कर शीघ्र मरम्मत कार्य प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए।
बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी के बिना अनुमति अनुपस्थित पाए जाने पर कलेक्टर ने कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि कोई भी अधिकारी बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। यदि कोई अधिकारी इस संबंध में लापरवाही बरतता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए वेतन कटौती सहित आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आज बैठक के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने लंबितपत्रों की बिंदुवार समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा शासन के निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



